रांची : शहर में नागरिक सुविधाओं के विस्तार और आधारभूत संरचनाओं के विकास के लिए रांची नगर निगम ने तीन योजनाओं का शिलान्यास किया। वार्ड संख्या 05 में वेंडिंग जोन और लेबर शेड का निर्माण कराया जाएगा। वहीं, वार्ड संख्या 47 के साईं नगर, जोरार बस्ती में जलजमाव की समस्या दूर करने के लिए आरसीसी नाली बनाई जाएगी।
Read More : धनतेरस पर रांची के वेंकटेश्वर मंदिर में भगवान का महाभिषेक
वार्ड संख्या 05 में मेडिका चौक के सामने वेंडिंग जोन निर्माण कार्य और बूटी मोड़ के समीप लेबर शेड निर्माण कार्य का शिलान्यास केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, महापौर रोशनी खलखो और वार्ड पार्षद अवधेश बैठा की उपस्थिति में हुआ।
फुटपाथ विक्रेताओं और मजदूरों को मिलेगी सुविधा
मेडिका चौक के सामने वेंडिंग जोन बनने से फुटपाथ विक्रेताओं को व्यवस्थित स्थान उपलब्ध होगा। इससे उन्हें अपना व्यवसाय करने के लिए निर्धारित जगह मिल सकेगी। वहीं, बूटी मोड़ के समीप बनने वाले लेबर शेड से दैनिक मजदूरों को राहत मिलेगी। यहां मजदूरों को धूप और बारिश से बचने के लिए सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराया जाएगा।
साईं नगर में जलजमाव की समस्या दूर करने की पहल
वार्ड संख्या 47 के साईं नगर, जोरार बस्ती में लंबे समय से जलजमाव की समस्या बनी हुई थी। इसके समाधान के लिए आरसीसी नाली निर्माण कार्य का शिलान्यास महापौर रोशनी खलखो की उपस्थिति में किया गया। नाली बनने से क्षेत्र की जल निकासी व्यवस्था बेहतर होगी। साथ ही स्थानीय निवासियों को जलजमाव की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है। रांची नगर निगम के अनुसार, शहर के सभी वार्डों में नागरिक सुविधाओं को मजबूत करने और जनसमस्याओं के समाधान के लिए लगातार काम किया जा रहा है।



