लोहरदगा रेलखंड पर बढ़ेंगी सुविधाएं? DRM ने किया स्टेशन का निरीक्षण, नई ट्रेनों पर भी चर्चा

लोहरदगा : दक्षिण पूर्व रेलवे के रांची मंडल के डीआरएम करुणानिधि सिंह शनिवार को अधिकारियों की पूरी टीम के साथ स्पेशल ट्रेन से लोहरदगा पहुंचे। यहां पहुंचते ही उन्होंने रेलवे स्टेशन का जायजा लिया और स्टेशन पर यात्रियों को मिलने वाली सुविधाओं की हकीकत देखी।

लोहरदगा
रेलवे स्टेशन पहुंचे DRM करुणानिधि सिंह

अपनी भाषा में पढ़ें

लोहरदगा : दक्षिण पूर्व रेलवे के रांची मंडल के डीआरएम करुणानिधि सिंह शनिवार को अधिकारियों की पूरी टीम के साथ स्पेशल ट्रेन से लोहरदगा पहुंचे। यहां पहुंचते ही उन्होंने रेलवे स्टेशन का जायजा लिया और स्टेशन पर यात्रियों को मिलने वाली सुविधाओं की हकीकत देखी। इस दौरान उन्होंने प्रतीक्षालय, टिकट काउंटर, दिव्यांग यात्रियों के लिए की गई व्यवस्था, साफ-सफाई और स्टेशन पर चल रहे विकास कार्यों का बारीकी से निरीक्षण किया। रेलवे ब्रिज का भी जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान टिकट काउंटर बंद मिला, जिसे देखकर डीआरएम भड़क गए। उन्होंने अधिकारियों को साफ-साफ निर्देश दिया कि यात्रियों को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। स्टेशन की व्यवस्था दुरुस्त रखी जाए और यात्री सुविधाओं में जल्द सुधार किया जाए।

Read More : रामगढ़ में होमगार्ड भर्ती की शारीरिक दक्षता परीक्षा शुरू, पहले दो राउंड पूरे

दो साल में बदली स्टेशन की तस्वीर

डीआरएम करुणानिधि सिंह ने कहा कि पिछले दो वर्षों में लोहरदगा रेलवे स्टेशन पर काफी बदलाव आया है। स्टेशन परिसर और यात्रियों को मिलने वाली सुविधाओं में सुधार हुआ है। विकास के काम लगातार चल रहे हैं और आने वाले दिनों में यात्रियों को और बेहतर सुविधाएं देने की दिशा में रेलवे काम कर रहा है।

धरमजयगढ़-गुमला-लोहरदगा रेल लाइन पर काम तेज

डीआरएम ने बताया कि धरमजयगढ़-गुमला-लोहरदगा रेल लाइन का काम तेजी से आगे बढ़ रहा है। यह परियोजना अब महत्वपूर्ण चरण में पहुंच चुकी है। फिलहाल रेलवे की प्राथमिकता इस रेल लाइन का काम पूरा करने की है। इसके बाद लोहरदगा रेलखंड के दोहरीकरण की संभावनाओं पर आगे काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि रांची रेलखंड के दोहरीकरण को लेकर भी क्षमता, सर्वे और डीपीआर से जुड़ी प्रक्रिया पर काम चल रहा है। इन योजनाओं का उद्देश्य रेल परिचालन की क्षमता बढ़ाना और भविष्य की जरूरतों के हिसाब से सुविधाएं विकसित करना है।

मेमू पैसेंजर में बढ़ सकती हैं बोगियां

लोहरदगा मेमू पैसेंजर ट्रेन में बोगियों की संख्या बढ़ाने की मांग पर डीआरएम ने कहा कि यात्रियों की वास्तविक संख्या का पता लगाने में टिकट बिक्री के आंकड़े अहम होते हैं। उन्होंने लोगों से बिना टिकट यात्रा करने के बजाय टिकट खरीदकर सफर करने की अपील की। उन्होंने बताया कि क्षेत्र की जरूरतों को देखते हुए रेलवे को कई प्रस्ताव भेजे गए हैं। यात्रियों की संख्या और जरूरतों के हिसाब से ट्रेन में अतिरिक्त बोगियां लगाने के प्रस्ताव पर भी विचार किया जा रहा है। उम्मीद है कि इस दिशा में आगे सकारात्मक परिणाम मिलेंगे।

नई ट्रेनों से दूसरे शहरों तक पहुंचना होगा आसान

डीआरएम ने कहा कि लोहरदगा क्षेत्र में धीरे-धीरे रेल सुविधाएं बढ़ रही हैं। आनंद विहार-पुरीलिया एक्सप्रेस के जुड़ने से क्षेत्र के यात्रियों को दिल्ली, बनारस और लखनऊ की ओर जाने के लिए बेहतर सीधा रेल संपर्क मिला है। वहीं, संतरागाछी-जयपुर एक्सप्रेस से हावड़ा, आगरा और प्रयागराज समेत दूसरे स्थानों तक यात्रा करने की सुविधा बढ़ने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि रेलखंड की क्षमता और जरूरतों को देखते हुए भविष्य में और ट्रेनों के परिचालन की संभावनाओं पर भी विचार किया जाएगा।

टिकट काउंटर बंद मिला तो जताई नाराजगी

निरीक्षण के दौरान डीआरएम जब टिकट खिड़की पर पहुंचे, तो वहां काउंटर बंद मिला। इस पर उन्होंने संबंधित कर्मचारियों से सवाल किया और निर्देश दिया कि टिकट बिक्री के निर्धारित समय में, जब कर्मचारी की ड्यूटी लगी हो, तब काउंटर बेवजह बंद नहीं रहना चाहिए। उन्होंने कर्मचारियों को जिम्मेदारी से काम करने और यात्रियों को समय पर टिकट उपलब्ध कराने की हिदायत दी। डीआरएम ने साफ कहा कि रेलवे कर्मचारियों की तैनाती यात्रियों की सुविधा के लिए की जाती है। ऐसे में ड्यूटी के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *