धनबाद में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ होने की खबर है. बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के निरंकारी और कुर्मीडीह चौक के बीच हुई इस मुठभेड़ में दो अपराधी गोली लगने से घायल हो गए, जबकि एक अपराधी मौके से फरार होने में सफल रहा. दोनों घायलों को SNMMCH में भर्ती कराया गया है.
घटना के संबंध में धनबाद एसएसपी प्रभात कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी इलाके में रंगदारी वसूलने पहुंचे हैं. सूचना के बाद पुलिस की पेट्रोलिंग टीम ने संदिग्ध अपराधियों का पीछा किया. इसी दौरान निरंकारी और कुर्मीडीह चौक के बीच अपराधियों और पुलिस के बीच फायरिंग शुरू हो गई. जवाबी कार्रवाई में दो अपराधियों को गोली लगी.
घायल अपराधियों की पहचान इरफान आलम, वासेपुर और नन्हे, पुटकी निवासी के रूप में हुई है, जबकि तीसरा अपराधी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया. पुलिस ने घटनास्थल से एक बाइक और हथियार बरामद किये हैं.








