खूंटी : झारखंड में हाथियों के मरने का सिलसिला थमने का नाम ही नहीं ले रहा है। कहीं खेतों में फसल बचाने के लिए बिछाये गये करंट वाले तार हाथियों की जान ले रहे हैं, तो कहीं टूटकर नीचे लटक रहे बिजली के तार उनकी मौत की वजह बन रहे हैं। ताजा मामला खूंटी जिले के रनिया थाना इलाके का है। यहां गुरुवार की सुबह करीब पांच बजे बिजली के झूलते तार की चपेट में आने से एक बड़े दंतैल हाथी की मौत हो गयी। यह घटना रनिया-सोदे मुख्य सड़क पर पड़ने वाले तेतारी गांव की है। हाथी का शव गांव के बालिका विद्यालय के पास झाड़ियों में पड़ा मिला। सुबह-सुबह हाथी की मौत की खबर फैलते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। गांव के लोग भी मौके पर जुटने लगे।
कोयल नदी की ओर से गांव आ रहा था हाथी
स्थानीय लोगों के मुताबिक, हाथी कोयल नदी की तरफ से गांव की ओर आ रहा था। इसी दौरान वह काफी नीचे झूल रहे बिजली के तार की चपेट में आ गया। करंट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हाथी का शव देखकर ग्रामीणों ने तुरंत वन विभाग और रनिया थाना पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस और वन विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
नीचे झूल रहा था बिजली का तार, वन विभाग कर रहा जांच
प्रभारी वनपाल सुमित टोपनो ने मीडिया को बताया कि घटनास्थल पर बिजली का तार काफी नीचे झूल रहा था। शुरुआती जांच में आशंका है कि हाथी इसी तार की चपेट में आने से करंट का शिकार हुआ। उन्होंने बताया कि मृत हाथी वयस्क था। हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही उसकी मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की जांच की जाएगी।
झारखंड में पहले भी करंट से हुई हैं हाथियों की मौत
झारखंड में बिजली के तार की चपेट में आकर हाथियों की मौत का यह पहला मामला नहीं है। राज्य के अलग-अलग जिलों में पहले भी ऐसी घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
-
7 सितंबर 2026: लातेहार जिले के बालूमाथ थाना क्षेत्र के कोमर गांव में बिजली के तार की चपेट में आने से एक जंगली हाथी की मौत हो गई थी।
-
6 मई 2026: चांडिल वन क्षेत्र के तिरुलडीह-सपारूम इलाके में एक वयस्क नर हाथी मृत मिला था। उसकी सूंड में बिजली का तार लिपटा हुआ था। घटनास्थल के पास बिजली का खंभा भी गिरा पड़ा था।
-
नवंबर 2026: चाईबासा के झींकपानी प्रखंड स्थित सालीकुटी गांव के पास टूटे बिजली के तार की चपेट में आने से एक नर हाथी की मौत हो गई थी।
लगातार हो रही इन घटनाओं ने जंगलों और हाथियों के आवागमन वाले इलाकों में बिजली के तारों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि वन विभाग और बिजली विभाग ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए क्या कदम उठाते हैं।


