DRUCC बैठक में पश्चिम चंपारण की रेल सुविधाओं का मुद्दा उठा, नई ट्रेनों समेत कई मांगें

समस्तीपुर रेल मंडल के मंथन सभागार में आयोजित रेलवे उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति (DRUCC) की बैठक में वाल्मीकिनगर लोकसभा क्षेत्र के रेल यात्रियों की समस्याओं और रेल सुविधाओं के विस्तार का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया।
पश्चिम चंपारण

पश्चिम चंपारण : समस्तीपुर रेल मंडल के मंथन सभागार में आयोजित रेलवे उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति (DRUCC) की बैठक में वाल्मीकिनगर लोकसभा क्षेत्र के रेल यात्रियों की समस्याओं और रेल सुविधाओं के विस्तार का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। समिति सदस्य राकेश सिंह ने मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) रवि प्रकाश मिश्रा के समक्ष रेल सेवाओं में सुधार और विभिन्न विकास कार्यों से जुड़ी कई महत्वपूर्ण मांगें रखीं।

बैठक में डीआरएम रवि प्रकाश मिश्रा, अपर मंडल रेल प्रबंधक (एडीआरएम) सन्नी सिन्हा, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनन्या स्मृति, मंडल के विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी तथा डीआरयूसीसी के सदस्य मौजूद रहे। राकेश सिंह ने बताया कि वाल्मीकिनगर के सांसद सुनील कुमार द्वारा पूर्व में उठाए गए रेल संबंधी मुद्दों की ओर भी उन्होंने डीआरएम का लिखित रूप से ध्यान आकृष्ट कराया।

Read More : 3 हफ्तों में ₹1.08 करोड़ का अवैध कोयला जब्त, CISF ने 84 वाहन किए सीज

नई ट्रेनें और स्टेशन विकास की मांग

राकेश सिंह ने वाल्मीकिनगर रोड–नरकटियागंज मार्ग से बेतिया के लिए सुबह नई पैसेंजर ट्रेन तथा गोरखपुर–सुगौली पैसेंजर सेवा शुरू करने की मांग की। उन्होंने बगहा रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास कार्य में तेजी लाने, बगहा और रामनगर सहित सभी स्टेशनों पर स्वच्छ एवं पर्याप्त शौचालय उपलब्ध कराने तथा गोरखपुर–पटना के बीच रात्रिकालीन नमो भारत ट्रेन चलाने का भी प्रस्ताव रखा।

उन्होंने कहा कि बगहा रेलवे समपार संख्या-50 को वैकल्पिक व्यवस्था किए बिना बंद नहीं किया जाना चाहिए। इसके साथ ही राप्ती गंगा एक्सप्रेस (15001/15002) को सप्ताह में तीन दिन नरकटियागंज मार्ग से संचालित करने की मांग भी रखी।

यात्रियों की सुविधाओं पर दिया जोर

बैठक में नरकटियागंज जंक्शन पर प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच बने चौड़े गैप को यात्रियों की सुरक्षा के लिए दुरुस्त करने, हरिनगर स्टेशन पर गरीब रथ एक्सप्रेस तथा भैरोगंज स्टेशन पर अवध एक्सप्रेस के ठहराव की व्यवस्था करने का आग्रह किया गया। इसके अलावा नरकटियागंज–दानापुर मेमू ट्रेन को सप्ताह में तीन दिन सिकटा–घोड़ासहन मार्ग से चलाने और वाल्मीकिनगर स्टेशन पर प्लेटफॉर्म संख्या-2 के निर्माण की मांग भी उठाई गई।

राकेश सिंह ने कटरा एक्सप्रेस (15655/15656) का बगहा स्टेशन पर ठहराव सुनिश्चित करने, स्टेशन पार्किंग व्यवस्था में सुधार, खरपोखरा स्टेशन पर एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव, मोबाइल चार्जिंग स्लॉट, अतिरिक्त यात्री शेड, बैठने के लिए बेंच और स्वच्छ पेयजल की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने तत्काल टिकट व्यवस्था को अधिक पारदर्शी बनाने, अवसानी हॉल्ट पर प्लेटफॉर्म का ऊंचीकरण, बगहा स्टेशन पर नई पानी टंकी के निर्माण तथा नरकटियागंज वाशिंग पिट निर्माण कार्य में तेजी लाने की आवश्यकता भी बताई।

बैठक के अंत में राकेश सिंह ने कहा कि सांसद सुनील कुमार द्वारा लगातार उठाए जा रहे रेल विकास से जुड़े प्रस्तावों पर रेलवे प्रशासन गंभीरता से विचार करे, ताकि पश्चिम चंपारण और वाल्मीकिनगर लोकसभा क्षेत्र के लाखों यात्रियों को बेहतर, सुरक्षित और आधुनिक रेल सुविधाएं मिल सकें।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी-अभी.