धनबाद : अवैध खनन, कोयला चोरी, अवैध भंडारण और अनधिकृत परिवहन पर रोक लगाने के लिए CISF इकाई BCCL धनबाद ने सोमवार से मंगलवार सुबह तक विशेष अभियान चलाया। BCCL प्रबंधन और स्थानीय पुलिस-प्रशासन के समन्वय से जिले के 14 संवेदनशील स्थानों पर छापेमारी और तलाशी अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान अवैध कोयला बरामद करने के साथ संदिग्ध खनन स्थलों की निगरानी और कोयला परिवहन मार्गों पर वाहनों की जांच की गई।
Read More : झारखंड के मांदर को मिला GI टैग, बढ़ी पारंपरिक पहचान
3.1 टन अवैध कोयला और बाइक जब्त
अभियान के दौरान करीब 3.1 टन अवैध कोयला और एक मोटरसाइकिल जब्त की गई। एरिया-05 के SBC चेक पोस्ट के पास करीब 100 किलो तथा एरिया-11 में सुदामडीह दामोदर ब्रिज के समीप लगभग तीन टन कोयला बरामद किया गया। कटहलधौड़ा बस्ती के पास एक अवैध खनन स्थल भी मिला, जिसे कार्रवाई के दौरान समतल कराया गया। वहीं कई स्थानों पर खुले रैट-होल और अवैध मुहाने मिलने के बाद उनके भराव के लिए BCCL प्रबंधन से समन्वय किया जा रहा है।
ड्रोन से हॉटस्पॉट पर रखी गई नजर
CISF ने अभियान के दौरान संवेदनशील क्षेत्रों में ड्रोन के जरिये निगरानी की। इसके अलावा सघन गश्त और एरिया डोमिनेशन भी किया गया। एरिया-03 और एरिया-12 में पहले से चिन्हित हॉटस्पॉट तथा अवैध खनन वाले स्थानों की विशेष निगरानी की गई। CISF और BCCL की ओर से अवैध खनन और कोयला चोरी के खिलाफ ऐसे अभियानों में ड्रोन निगरानी और स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय का इस्तेमाल किया जा रहा है।
173 कोयला लदे वाहनों की जांच
अभियान के तहत प्रमुख चेक पोस्ट, साइडिंग और कोयला परिवहन मार्गों पर 173 कोयला-लोड वाहनों की जांच की गई। इनमें 151 वाहनों का एम-परिवहन के माध्यम से सत्यापन किया गया। जांच के दौरान किसी वाहन में संदिग्ध गतिविधि या दस्तावेज से जुड़ी गड़बड़ी नहीं मिली।
सूचना देने के लिए नंबर जारी
CISF ने लोगों से अवैध खनन, कोयला चोरी, भंडारण या परिवहन से संबंधित सूचना देने की अपील की है। सूचना के लिए 9341528406 नंबर जारी किया गया है और केवल संदेश के माध्यम से जानकारी देने को कहा गया है।




