वैशाली : बिहार के वैशाली जिले के बिदुपुर थाना क्षेत्र के रजासो गांव में रविवार सुबह रास्ते के विवाद में भारतीय सेना के एक जवान और उनके पिता की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस दोहरे हत्याकांड के बाद पूरे इलाके में दहशत और तनाव का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
Read More : फीफा वर्ल्ड कप 2026 : सेमीफाइनल की चार टीमें तय, जानें कब और कहां होंगे मुकाबले
पुलिस के अनुसार, मृतक जवान की शिनाख्त जितेंद्र कुमार के तौर पर की गई है, जो दिल्ली में भारतीय सेना में तैनात थे। बताया गया कि कुछ दिन पहले एक रिश्तेदार की बिजली करंट लगने से मौत होने के बाद वह छुट्टी लेकर अपने गांव आए थे। इसी दौरान विवादित जमीन से जुड़े रास्ते को लेकर उनका अपने चचेरे भाई जगदीश राय से विवाद हो गया।
पहले कहासुनी, फिर चली गोलियां
स्थानीय लोगों के अनुसार, शनिवार देर शाम दोनों पक्षों के बीच रास्ते को लेकर कहासुनी हुई थी। सूचना मिलने पर बिदुपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत करा दिया था। हालांकि, विवाद पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ। रविवार सुबह आरोपी पक्ष ने कथित तौर पर दोबारा हमला कर दिया। आरोप है कि जगदीश राय ने जितेंद्र कुमार और उनके पिता मुनारीक राय पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से मुनारीक राय की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल जितेंद्र कुमार को सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
आरोपी की तलाश में पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही बिदुपुर थाना पुलिस और वरीय अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सदर एसडीपीओ सुबोध कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला रास्ते के विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। घटना के बाद आरोपी और उसके परिवार के सदस्य घर छोड़कर फरार हो गए हैं। दोहरे हत्याकांड के बाद गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए एहतियातन अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।
Read More : चुनावी राजनीति से संन्यास की तैयारी में राधाकृष्ण किशोर, लेखन और देशाटन की जताई इच्छा




