रांची : जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा), रांची के तत्वावधान में सोमवार को बेड़ो प्रखंड में डोर-टू-डोर विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य कैदियों के निर्दोष आश्रितों को कानूनी, सामाजिक और आर्थिक सहायता पहुंचाना है। यह कार्यक्रम झालसा के कार्यपालक अध्यक्ष न्यायमूर्ति सुजीत नारायण प्रसाद के दिशा-निर्देश, सदस्य सचिव कुमारी रंजना अस्थाना और रांची के न्यायायुक्त अनिल कुमार मिश्रा-1 के मार्गदर्शन में डालसा के कार्यवाहक सचिव की मौजूदगी में आयोजित किया गया।
Read More : चतरा में ‘नई पहल किट’ टेंडर पर HC की रोक, राज्य सरकार से मांगा जवाब
स्पृहा योजना 2025 से पीड़ितों को मिलेगी राहत
कार्यक्रम के दौरान डालसा के पारा लीगल वालंटियर (पीएलवी) संजय कुमार ने ‘नालसा स्पृहा योजना 2025’ के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा शुरू की गई यह एक महत्वपूर्ण कल्याणकारी योजना है। इस योजना का मुख्य लक्ष्य जेल में बंद कैदियों के निर्दोष आश्रितों और अपराध पीड़ितों को सहायता देना है। इसके माध्यम से पीड़ितों को मुफ्त कानूनी सहायता, मानसिक व सामाजिक परामर्श, बच्चों की शिक्षा जारी रखने के लिए मदद और वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जाती है।
12 सितंबर को आयोजित होगी राष्ट्रीय लोक अदालत
अभियान के दौरान पीएलवी सधनी कुमारी, सतीश कुमार, मंगल तिर्की और दिनेश प्रमाणिक ने ग्रामीणों को आगामी 12 सितंबर को रांची व्यवहार न्यायालय में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रति जागरूक किया। उन्होंने बताया कि वादकारी अपने लंबित मामलों का निस्तारण बिना किसी खर्च के निःशुल्क करा सकते हैं। इसके साथ ही पीएलवी अमित बड़ाईक और सत्य प्रकाश कुमार ने जानकारी दी कि सुप्रीम कोर्ट में लंबित मामलों के सौहार्दपूर्ण समाधान के लिए 21, 22 और 23 अगस्त को रांची व्यवहार न्यायालय में उपस्थित होकर प्रक्रिया पूरी की जा सकती है।
टोल-फ्री नंबर 15100 पर करें संपर्क
जागरूकता कार्यक्रम के अंत में उपस्थित ग्रामीणों के बीच पम्पलेट और लीफलेट बांटे गए। डालसा टीम ने लोगों को नालसा के टोल-फ्री नंबर 15100 के बारे में जानकारी दी और जरूरत पड़ने पर इस पर संपर्क करने की सलाह दी। इस अवसर पर पीएलवी संजय कुमार, सधनी कुमारी, सतीश कुमार, मंगल तिर्की, दिनेश प्रमाणिक, अमित बड़ाईक और सत्य प्रकाश कुमार सहित कई अन्य लोग मौजूद रहे।



