रांची : झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की 14वीं प्रारंभिक परीक्षा में कथित अनियमितताओं और धांधली के विरोध में भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) बुधवार को राजधानी रांची में प्रदर्शन करेगा। भाजपा के नेतृत्व में JPSC कार्यालय का घेराव किया जाएगा। प्रस्तावित आंदोलन को देखते हुए जिला प्रशासन और रांची पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं।
Read More : 5 राज्यों के शीर्ष पुलिस अधिकारी एक मंच पर, साइबर अपराध और नक्सलवाद पर मंथन जारी
JPSC कार्यालय और आसपास के क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी डीएसपी, इंस्पेक्टर और दरोगा स्तर के अधिकारियों को सौंपी गई है, ताकि कानून-व्यवस्था बनाए रखी जा सके।
जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से निकलेगा जुलूस
जानकारी के अनुसार, राज्य के विभिन्न जिलों से आने वाले भाजपा नेता और हजारों कार्यकर्ता पहले रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में एकत्रित होंगे। यहां सभा आयोजित होने के बाद सभी कार्यकर्ता जुलूस के रूप में JPSC कार्यालय की ओर कूच करेंगे। प्रशासन ने प्रदर्शन को देखते हुए पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कर दी है और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया जाएगा।
परीक्षा जांच और कार्रवाई की मांग
भाजपा का आरोप है कि JPSC की 14वीं प्रारंभिक परीक्षा के आयोजन में गंभीर अनियमितताएं हुई हैं, जिससे हजारों अभ्यर्थियों के भविष्य पर असर पड़ा है। पार्टी नेताओं का कहना है कि जब तक पूरे मामले की निष्पक्ष जांच नहीं होगी और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जाएगी, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। रांची पुलिस ने बताया कि शहर की कानून-व्यवस्था बनाए रखने और यातायात को सुचारु रखने के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। आवश्यकता पड़ने पर कुछ मार्गों पर यातायात डायवर्ट किया जा सकता है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से विरोध प्रदर्शन की अनुमति है, लेकिन कानून हाथ में लेने या सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।



