संसद के मानसून सत्र और सीजेपी (CJP) के प्रस्तावित ‘चलो संसद’ मार्च से पहले दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों के लिए ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। पुलिस ने बताया कि संसद के आसपास कई जगहों पर भारी ट्रैफिक और कुछ मार्गों पर प्रतिबंध लग सकता है।
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, नई दिल्ली क्षेत्र में विशेष यातायात व्यवस्था लागू की गई है। लोगों से अपील की गई है कि वे घर से निकलने से पहले अपने सफर की योजना बना लें और जाम से बचने के लिए अतिरिक्त समय लेकर यात्रा करें।
यातायात पुलिस के अनुसार, जिन प्रमुख मार्गों पर असर पड़ सकता है, उनमें रफी मार्ग, मोतीलाल नेहरू मार्ग, मौलाना आजाद रोड, के कामराज मार्ग, रायसीना रोड, राजेंद्र प्रसाद रोड, संसद मार्ग, अशोक रोड, तालकटोरा रोड, पंडित पंत मार्ग और रकाबगंज गुरुद्वारा रोड शामिल हैं.
पुलिस ने वाहन चालकों को विजय चौक, बोट क्लब, रेल भवन गोल1चक्कर, सुनहरी मस्जिद गोलचक्कर, पटेल चौक गोलचक्कर, बूटा सिंह गोलचक्कर, प्राइम चौक गोलचक्कर, जीआरजी गोलचक्कर और जलेबी चौक गोलचक्कर जैसे प्रमुख चौराहों से बचने की सलाह दी है.
वैकल्पिक मार्गों के तौर पर यात्रियों को जनपथ, मानसिंह रोड, अकबर रोड, तीन मूर्ति मार्ग, शांति पथ, मौलाना अब्दुल कलाम आजाद रोड, कमाल अतातुर्क मार्ग, पंचशील मार्ग, विनय मार्ग, कनॉट प्लेस का आउटर सर्कल, बाबा खड़क सिंह मार्ग, आरएमएल गोलचक्कर, मदर टेरेसा क्रिसेंट रोड, 11 मूर्ति और सरदार पटेल मार्ग का इस्तेमाल करने को कहा गया है.
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से धैर्य बनाए रखने, यातायात नियमों का पालन करने और प्रमुख चौराहों पर तैनात पुलिसकर्मियों का सहयोग करने की अपील की है.
सूत्रों के मुताबिक, नयी दिल्ली जिले में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. दिल्ली पुलिस ने अतिरिक्त जवानों की तैनाती, बैरिकेडिंग मजबूत करने के साथ ही प्रमुख प्रवेश स्थलों पर वाहनों की सघन जांच शुरू कर दी है.
हाई अलर्ट जोन में बदले गए कुछ इलाके
सूत्रों ने बताया कि CJP के मार्च को देखते हुए कई प्रवेश स्थलों को बहुस्तरीय बैरिकेडिंग, बढ़ी हुई निगरानी, तोड़फोड़ रोधी जांच और चौबीसों घंटे गश्त के साथ उच्च सुरक्षा जोन में बदल दिया गया है. सूत्रों ने बताया कि यह व्यवस्था नयी दिल्ली, मध्य दिल्ली और उत्तरी दिल्ली के कुछ हिस्सों में लागू की गई है.
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि संसद सत्र के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक निवारक इंतजाम किए गए हैं. उन्होंने कहा, ‘‘नयी दिल्ली जिले में प्रवेश करने वाले हर वाहन की गहन जांच की जा रही है. रणनीतिक स्थानों पर अतिरिक्त पिकेट लगाए गए हैं और रिजर्व बलों को तैयार रखा गया है. संवेदनशील इलाकों में सीसीटीवी निगरानी भी बढ़ा दी गई है.’
सूत्रों ने बताया कि जंतर-मंतर, संसद मार्ग, सेंट्रल विस्टा, कनॉट प्लेस, शंकर चौक और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है. उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए त्वरित प्रतिक्रिया दल भी तैनात किए गए हैं. पुलिस सूत्रों ने कहा कि संसद सत्र के दौरान नयी दिल्ली जिले में किसी को भी प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी जाएगी.




