बिहार पुलिस वायरलेस परीक्षा में पेपर लीक की साजिश विफल, एक गिरफ्तार, कई ठिकानों पर छापेमारी

बिहार पुलिस रेडियो वायरलेस परीक्षा के दौरान गया में पेपर लीक की कथित कोशिश को पुलिस ने विफल कर दिया।
पेपर लीक

गया : बिहार पुलिस रेडियो वायरलेस परीक्षा के दौरान गया में पेपर लीक की कथित कोशिश को पुलिस ने विफल कर दिया। पुलिस के अनुसार, कासमी प्लस टू हाई स्कूल के एक शिक्षक अपने साथियों के साथ अभ्यर्थियों को पैसे लेकर प्रश्नपत्र उपलब्ध कराने की कोशिश कर रहे थे। सूचना मिलने पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की, लेकिन आरोपी कार छोड़कर फरार हो गए।

Read More : पीएम मोदी का बड़ा ऐलान, पेपर लीक मामलों के लिए बनेंगे फास्ट ट्रैक कोर्ट

मामले में कासमी प्लस टू हाई स्कूल के शिक्षक दिलशाद और रामपुर थाना क्षेत्र के शिवम सिंघनिया का नाम सामने आया है। पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।

शिक्षक और अन्य आरोपियों की तलाश जारी

पुलिस के अनुसार, दिलशाद करीमगंज मोहल्ले का निवासी है और मूल रूप से टेकारी का रहने वाला है। वह पिछले तीन-चार वर्षों से कासमी हाई स्कूल में बायोलॉजी शिक्षक के रूप में कार्यरत है। वहीं, शिवम सिंघनिया के घर से विभिन्न व्यक्तियों की मार्कशीट, डिग्री और अन्य दस्तावेज बरामद किए गए हैं। शक के आधार पर कई युवाओं को हिरासत में लिया गया था, लेकिन प्रारंभिक जांच में उनकी संलिप्तता नहीं मिलने पर उन्हें बाउंड पेपर भरवाकर छोड़ दिया गया। पुलिस ने फरार आरोपियों के ठिकानों से कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज और चेक भी बरामद किए हैं।

एसएसपी बोले- पेपर लीक नहीं हुआ

पुलिस टीम ने आरोपियों की कार का पीछा किया, लेकिन वे वाहन छोड़कर फरार हो गए। पीछा करने के दौरान फायरिंग की चर्चा भी सामने आई, हालांकि वरीय पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार ने गोली चलने की बात से इनकार करते हुए इसे अफवाह बताया। उन्होंने कहा कि जब्त वाहन की जांच की जा रही है। एसएसपी सुशील कुमार ने स्पष्ट किया कि परीक्षा का पेपर लीक नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि कुछ लोग पैसे लेकर प्रश्नपत्र उपलब्ध कराने की कोशिश कर रहे थे, जिसे पुलिस ने समय रहते विफल कर दिया। बुधवार को गया के 14 परीक्षा केंद्रों पर करीब 8,000 अभ्यर्थियों ने शांतिपूर्ण माहौल में परीक्षा दी।

इस मामले पर कासमी हाई स्कूल के प्रिंसिपल मो. आफताब ने बताया कि शिक्षक दिलशाद की परीक्षा ड्यूटी नहीं लगी थी और वह उस दिन अवकाश पर था। उन्होंने कहा कि स्कूल प्रशासन को इस बात की जानकारी नहीं है कि स्कूल से बाहर रहने के दौरान वह कथित पेपर लीक की कोशिश में कैसे शामिल हुआ। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गहन जांच जारी है और जिन लोगों की संलिप्तता सामने आएगी, उनके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *