डॉ. इरफान अंसारी को आतंकवादी बताने पर कांग्रेस ने दर्ज कराई FIR

रांची : झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी को आतंकवादी बताने और उनके आवास पर बुलडोजर चलाने की कथित धमकी के मामले में कांग्रेस ने भाजपा नेताओं के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। रांची में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर जमकर नारेबाजी की। इसके

इरफान अंसारी

अपनी भाषा में पढ़ें

रांची : झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी को आतंकवादी बताने और उनके आवास पर बुलडोजर चलाने की कथित धमकी के मामले में कांग्रेस ने भाजपा नेताओं के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। रांची में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर जमकर नारेबाजी की। इसके बाद जगन्नाथपुर थाने पहुंचकर भाजपा नेताओं के खिलाफ लिखित शिकायत दी और प्राथमिकी दर्ज कराई। यह प्रदर्शन रांची महानगर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. कुमार राजा और रांची जिला ग्रामीण कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सोमनाथ मुंडा के नेतृत्व में हुआ। कांग्रेस ने भाजपा नेताओं पर अपमानजनक, भड़काऊ और सांप्रदायिक विद्वेष फैलाने वाले बयान देने का आरोप लगाया है।

Read More : रांची विश्वविद्यालय के पीएचडी नियम बदले, हर 6 महीने देनी होगी रिपोर्ट

प्रदर्शन और शिकायत दर्ज कराने के दौरान झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव आलोक कुमार दूबे, डॉ. कुमार राजा, सोमनाथ मुंडा, रियाज अंसारी, राजेश सिन्हा सन्नी, फिरोज रिजवी मुन्ना, कुमुद रंजन, संजीत यादव, अख्तर अली, अनिल उरांव, सादाब इजराइल और अभिषेक साहू समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

संजय सेठ, आदित्य साहू समेत नेताओं के खिलाफ शिकायत

कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सांसद संजय सेठ, प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, दीपक प्रकाश, भानु प्रताप शाही और अन्य संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस को दिए गए आवेदन में भाजपा नेताओं के सार्वजनिक भाषणों, वीडियो, सोशल मीडिया पोस्ट और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की निष्पक्ष जांच कराने का आग्रह किया गया है। कांग्रेस नेताओं ने भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की प्रासंगिक धाराओं के तहत कार्रवाई की मांग की है।

आतंकवादी बताना और बुलडोजर की धमकी लोकतंत्र का अपमान : आलोक दूबे

प्रदेश कांग्रेस महासचिव आलोक कुमार दूबे ने कहा कि राजनीतिक विरोध के नाम पर किसी व्यक्ति को आतंकवादी बताना, उसकी धार्मिक और सामुदायिक पहचान को निशाना बनाना तथा घर पर बुलडोजर चलाने की धमकी देना लोकतांत्रिक मर्यादाओं के खिलाफ है। उन्होंने सवाल उठाया कि भाजपा नेताओं को इस तरह की धमकी देने का अधिकार किसने दिया है? राजनीतिक दलों के बीच वैचारिक मतभेद हो सकते हैं, लेकिन व्यक्तिगत अपमान और धमकी की कोई जगह नहीं होनी चाहिए। आलोक दूबे ने कहा कि यह लड़ाई किसी व्यक्ति विशेष की नहीं, बल्कि संविधान, लोकतंत्र, सामाजिक सम्मान और सांप्रदायिक सद्भाव की है।

सड़क से कानूनी मंच तक विरोध जारी रखेगी कांग्रेस : डॉ. कुमार राजा

रांची महानगर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. कुमार राजा ने कहा कि भाजपा नेताओं की बयानबाजी राजनीतिक मर्यादाओं को लगातार तार-तार कर रही है। किसी जनप्रतिनिधि को आतंकवादी बताना और उसके घर पर बुलडोजर चलाने की धमकी देना गंभीर मामला है। उन्होंने कहा कि किसी के खिलाफ आरोप होने पर देश में कानून और न्यायालय की व्यवस्था है। भाजपा नेताओं को कानून अपने हाथ में लेने जैसी भाषा बंद करनी चाहिए। कांग्रेस इस तरह की बयानबाजी के खिलाफ सड़क से लेकर कानूनी मंच तक आवाज उठाती रहेगी।

सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाली बयानबाजी बर्दाश्त नहीं : सोमनाथ मुंडा

रांची जिला ग्रामीण कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सोमनाथ मुंडा ने कहा कि झारखंड आपसी भाईचारे, आदिवासी-मूलवासी एकता और सामाजिक सद्भाव की धरती है। किसी की धार्मिक पहचान के आधार पर उसे आतंकवादी या घुसपैठिया बताना उचित नहीं है। उन्होंने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। कांग्रेस नेता रियाज अंसारी ने कहा कि डॉ. इरफान अंसारी को आतंकवादी बताने वालों को अपने बयानों का जवाब देना होगा। उन्होंने भाजपा नेताओं से विकास, रोजगार, महंगाई और जनता की समस्याओं पर बात करने की अपील की।

बुलडोजर की धमकी पर भी उठाए सवाल

कांग्रेस नेता राजेश सिन्हा सन्नी ने कहा कि बुलडोजर चलाने की धमकियां लोकतांत्रिक व्यवस्था पर सवाल खड़े करती हैं। देश संविधान से चलता है, किसी राजनीतिक दल की धमकियों से नहीं। उन्होंने पुलिस से शिकायत में दिए गए तथ्यों और साक्ष्यों की जांच करने की मांग की। फिरोज रिजवी मुन्ना ने कहा कि किसी व्यक्ति को बिना प्रमाण आतंकवादी बताना गंभीर आरोप है। इससे सामाजिक सौहार्द प्रभावित हो सकता है। वहीं कुमुद रंजन ने कहा कि राजनीतिक विरोध के नाम पर किसी व्यक्ति और उसके परिवार को निशाना बनाना लोकतांत्रिक परंपराओं के खिलाफ है। संजीत यादव ने कहा कि संविधान प्रत्येक नागरिक को सम्मान के साथ जीने का अधिकार देता है। किसी को धमकाकर उसकी आवाज दबाई नहीं जा सकती। अभिषेक साहू ने भी झारखंड की गंगा-जमुनी तहजीब और सामाजिक एकता को कमजोर करने की कोशिशों का विरोध करने की बात कही।

प्रदर्शन में लगाए गए नारे, पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान ‘भाजपा के मुड़ी पर फोड़ फटाका, धड़ाम-धुड़ुम-धड़ास’ के नारे भी लगाए गए। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि भाजपा की कथित धमकी और नफरत की राजनीति का जवाब लोकतांत्रिक और कानूनी तरीके से दिया जाएगा। आलोक कुमार दूबे ने विशेष रूप से भाजपा नेता भानु प्रताप शाही के बुलडोजर संबंधी बयानों पर सवाल उठाए। उन्होंने पूछा कि भाजपा की सरकार आने पर डॉ. इरफान अंसारी के घर पर बुलडोजर चलाने की बात किस मानसिकता को दर्शाती है?

उन्होंने भाजपा सांसद संजय सेठ, आदित्य साहू, दीपक प्रकाश और भानु प्रताप शाही सहित अन्य संबंधित लोगों के बयानों और डिजिटल साक्ष्यों की जांच कराने की मांग की। प्राथमिकी दर्ज कराने के बाद कांग्रेस नेताओं ने पुलिस प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर उचित कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की। आलोक कुमार दूबे ने कहा कि कानून सबके लिए समान है और कोई भी राजनीतिक दल कानून से ऊपर नहीं है।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी-अभी.