रांची : भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी का रांची स्थित फार्महाउस एक बार फिर सुर्खियों में है, लेकिन इस बार वजह क्रिकेट नहीं बल्कि एक जीव का रेस्क्यू ऑपरेशन है। रांची के रातू, दलादिली स्थित धोनी के फार्महाउस परिसर में अचानक एक विशालकाय कोबरा सांप देखा गया, जिससे वहां मौजूद कर्मचारियों के बीच हड़कंप मच गया।
Read More : CJI सूर्यकांत ने छात्र को 5 लाख के नोटिस पर जताई नाराजगी, मांगा जवाब
18 साल पुराना कोबरा, कर्मचारियों में मची खलबली
फार्महाउस में सांप दिखने के तुरंत बाद कर्मचारियों ने इसकी सूचना स्नेक रेस्क्यू एक्सपर्ट नारायण प्रमाणिक को दी। सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीम बिना देरी किए मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। काफी मशक्कत और सावधानी के बाद कोबरा को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया। स्नेक एक्सपर्ट के अनुसार, पकड़े गए कोबरा की उम्र लगभग 18 साल है। रेस्क्यू के दौरान सांप के शरीर पर मामूली चोट आई थी, जिसकी प्राथमिक देखभाल की गई। इसके बाद उसे फार्महाउस से काफी दूर एक सुरक्षित जंगल में ले जाकर छोड़ दिया गया। घटना के समय धोनी या उनके परिवार का कोई भी सदस्य फार्महाउस में मौजूद नहीं था।
स्नेक रेस्क्यू एक्सपर्ट की आम लोगों से अपील
धोनी के फार्महाउस में सांप मिलने की खबर फैलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई थी। राहत की बात यह रही कि समय रहते सांप को पकड़ लिया गया और कोई अप्रिय घटना नहीं घटी। रेस्क्यू एक्सपर्ट नारायण प्रमाणिक ने मीडिया को बताया कि धोनी के फार्महाउस से फोन आने के तुरंत बाद वे पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि कोबरा को पकड़ने में काफी चुनौतियों का सामना करना पड़ा, लेकिन सावधानी बरतते हुए रेस्क्यू सफल रहा। इसके साथ ही उन्होंने लोगों से अपील की कि अगर आसपास या घर में सांप दिखे तो उसे मारें नहीं, बल्कि घबराने के बजाय तुरंत ट्रेंड स्नेक कैचर को सूचित करें।






