रांची : फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के चुनाव को लेकर टीम तुलसी पटेल ने शनिवार को अपने 32 प्रत्याशियों के नाम घोषित कर दिए। होटल बीएनआर चाणक्य में आयोजित प्रेस वार्ता में टीम ने चैंबर सदस्यों से समर्थन की अपील की। इस दौरान तुलसी पटेल ने टीम की प्राथमिकताओं और चुनावी एजेंडे की जानकारी दी। तुलसी पटेल ने कहा कि राज्य में व्यापारियों के सामने कई तरह की समस्याएं हैं। टीम इन समस्याओं के समाधान के लिए काम करेगी। राज्यस्तरीय मुद्दों के साथ नगर निगम से जुड़ी परेशानियों को दूर करने की दिशा में भी पहल की जाएगी।
औद्योगिक क्षेत्रों और कानून-व्यवस्था पर जोर
तुलसी पटेल ने कहा कि झारखंड के औद्योगिक क्षेत्रों की स्थिति चिंताजनक है और इस दिशा में विशेष काम करने की जरूरत है। उन्होंने कानून-व्यवस्था में सुधार के लिए भी संबंधित स्तर पर प्रयास करने की बात कही। उन्होंने कहा कि झारखंड में अधिक से अधिक निवेश लाने के लिए सिंगल विंडो सिस्टम को प्रभावी बनाने का प्रयास किया जाएगा। इसके साथ ही उद्योग नीति को सरल बनाने की दिशा में भी पहल होगी। पूर्व अध्यक्ष मनोज नरेडी ने कहा कि टीम तुलसी पटेल में चैंबर को आगे बढ़ाने की क्षमता है। उन्होंने कहा कि टीम के सदस्य सरकार के साथ समन्वय बनाकर काम करेंगे। चैंबर का नेतृत्व ऐसा होना चाहिए, जो सरकार और व्यापारियों के बीच सेतु का काम करे।
Read More : चैंबर चुनाव में मुकेश अग्रवाल की टीम ने बताया अपना विजन और एजेंडा
पूर्व अध्यक्ष रंजीत गाड़ोदिया ने कहा कि इस बार भी चैंबर को एक मजबूत टीम देने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि टीम तुलसी पटेल के सदस्य चैंबर को आगे ले जाने में सक्षम हैं और उन्हें कई पूर्व अध्यक्षों का समर्थन प्राप्त है। पूर्व अध्यक्ष परेश गट्टानी ने कहा कि टीम तुलसी पटेल को चैंबर सदस्यों का समर्थन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि व्यापारियों की इच्छा है कि इस बार टीम तुलसी चैंबर का नेतृत्व करे।
टीम तुलसी पटेल के 32 प्रत्याशी
टीम की ओर से घोषित प्रत्याशियों में तुलसी पटेल, अमित शर्मा, अनिल अग्रवाल, अरुण भरतीया, आदित्य शाह, ज्योति कुमारी, मनीष सराफ, मोनिका गोयनका, नवीन जैन, नवजोत अलंग, प्रकाश कुमार अग्रवाल समोता, पूजा ढाढा, राहुल साबू, राम बांगड़, रोहित अग्रवाल, रोहित पोद्दार, साहित्य पवन, शैलेश अग्रवाल, संजय अखौरी, तनप्रिंस सिंह कोहली, विकास मोदी, विकास विजयवर्गीय, विनीता सिंघानिया, नवल जीत गांधी, गौरव अग्रवाल, रौनक जैन, विनीत गाड़ोदिया, मनमोहन मोहता, उत्सव परासर, गौतम शाही और अतुल अग्रवाल शामिल हैं।




