रांची : जवाहर विद्या मंदिर, श्यामली में गुरुवार को CBSE क्लस्टर-III टेबल टेनिस टूर्नामेंट-2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। तीन दिवसीय इस प्रतियोगिता में बिहार और झारखंड के करीब 60 स्कूलों की 78 टीमें हिस्सा ले रही हैं। टूर्नामेंट का उद्घाटन मेकॉन लिमिटेड के अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक संजय कुमार वर्मा, रांची के जिला शिक्षा अधीक्षक बादल राज, मेकॉन के निदेशक व विद्यालय प्रबंधन समिति के पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के स्वागत के साथ हुई। इसके बाद विद्यालय के विद्यार्थियों ने भगवान शिव की स्तुति पर सामूहिक नृत्य प्रस्तुत किया।
Read More : महिला थाना प्रभारी सुलेखा कुमारी सपना रिश्वत लेते गिरफ्तार, एसीबी की बड़ी कार्रवाई
खेल और शिक्षा एक-दूसरे के पूरक: प्राचार्य
विद्यालय के प्राचार्य बी. एन. झा ने खिलाड़ियों का स्वागत करते हुए कहा कि खेल और शिक्षा एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से आत्मविश्वास के साथ खेलने की अपील की। उन्होंने कहा कि खेल केवल जीतना नहीं सिखाता, बल्कि हार को स्वीकार करना और हारने वाले का सम्मान करना भी सिखाता है। यही सच्ची खेल भावना है।

खेल से मिलती है अनुशासन और संघर्ष की सीख
जिला शिक्षा अधीक्षक बादल राज ने खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि आज का युवा वर्ष 2047 के भारत का प्रतिनिधित्व करेगा। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं के शारीरिक और मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने टेबल टेनिस को आंख और हाथ के बेहतर तालमेल के लिए उपयोगी बताया। साथ ही कहा कि खेल युवाओं को मोबाइल पर अधिक निर्भर रहने से बचाने और जीवन के जरूरी कौशल सीखने में मदद करते हैं।
मुख्य अतिथि संजय कुमार वर्मा ने विद्यालय के 60 वर्ष पूरे होने पर सभी को बधाई दी। उन्होंने कहा कि खेल जीवन में अनुशासन, संघर्ष और चुनौतियों का सामना करने की क्षमता विकसित करते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह तीन दिवसीय प्रतियोगिता उनके जीवन के यादगार अनुभवों में शामिल हो।

60 स्कूलों की 78 टीमें ले रहीं हिस्सा
इस प्रतियोगिता में बिहार और झारखंड के 60 स्कूलों की कुल 78 टीमें भाग ले रही हैं। बालिका वर्ग में अंडर-14 की 9, अंडर-17 की 14 और अंडर-19 की 8 टीमें शामिल हैं। वहीं, बालक वर्ग में अंडर-14 की 16, अंडर-17 की 21 और अंडर-19 की 10 टीमें हिस्सा ले रही हैं।
नॉकआउट पद्धति से हो रही प्रतियोगिता
मुख्य अतिथि संजय कुमार वर्मा ने टूर्नामेंट के औपचारिक शुभारंभ की घोषणा की। इसके बाद विद्यालय की स्पोर्ट्स कैप्टन श्रेया श्री ने सभी खिलाड़ियों को खेल भावना, निष्पक्षता और अनुशासन के साथ खेलने की शपथ दिलाई। झारखंड टेबल टेनिस संघ और फेडरेशन के अनुभवी सदस्यों के तकनीकी मार्गदर्शन में प्रतियोगिताएं शुरू हो गई हैं। टूर्नामेंट में व्यक्तिगत और टीम स्तर की प्रतियोगिताएं नॉकआउट पद्धति से आयोजित की जा रही हैं। प्रतियोगिता के पहले दिन खिलाड़ियों में उत्साह और ऊर्जा का माहौल देखने को मिला।





