रांची : कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिता को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के बाद भाजपा और कांग्रेस के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। भाजपा ने इसके विरोध में रांची स्थित कांग्रेस कार्यालय के घेराव का ऐलान किया। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में पार्टी कार्यालय के बाहर पहुंच गए। कांग्रेस कार्यालय के बाहर पहुंचे कई कार्यकर्ताओं के हाथों में लाठी और झाड़ू नजर आए। कार्यकर्ताओं ने कहा कि वे भाजपा के घेराव का जवाब देने के लिए तैयार हैं। हालांकि, खबर लिखे जाने तक भाजपा कार्यकर्ता कांग्रेस कार्यालय के बाहर नहीं पहुंचे थे।
Read More : संजय सेठ ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से की शिष्टाचार भेंट, दी जानकारी
खरगे के बयान पर भाजपा-कांग्रेस में विवाद
कांग्रेस ने मल्लिकार्जुन खरगे के बयान को लेकर भाजपा के आरोपों को खारिज किया है। पार्टी नेताओं का कहना है कि कांग्रेस अध्यक्ष ने कोई आपत्तिजनक टिप्पणी नहीं की, बल्कि सामान्य बोलचाल की भाषा का इस्तेमाल किया। कांग्रेस ने भाजपा पर इस बयान को बेवजह तूल देने का आरोप भी लगाया। पार्टी नेताओं का कहना है कि भाजपा के पास कोई ठोस राजनीतिक मुद्दा नहीं है।
कांग्रेस ने चुनाव आयोग पर भी उठाए सवाल
कांग्रेस नेताओं ने भाजपा पर चुनावी मुद्दों से ध्यान भटकाने का आरोप लगाते हुए उसे ‘वोट चोर’ कहा। उन्होंने चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर भी सवाल उठाए। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि चुनाव आयोग मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को बचाने का काम कर रहा है। वहीं, भाजपा ने खरगे की कथित टिप्पणी को लेकर कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन का ऐलान किया है।
कांग्रेस कार्यालय के बाहर प्रशासन तैनात
दोनों दलों के बीच बढ़ती बयानबाजी के बीच रांची में राजनीतिक माहौल गर्म है। भाजपा के संभावित प्रदर्शन और कांग्रेस कार्यकर्ताओं की मौजूदगी को देखते हुए जिला प्रशासन की टीम कांग्रेस कार्यालय के बाहर तैनात है। खबर लिखे जाने तक भाजपा कार्यकर्ता कार्यालय नहीं पहुंचे थे। ऐसे में अब सबकी नजर इस बात पर है कि भाजपा का प्रदर्शन कब शुरू होता है और आगे घटनाक्रम क्या रहता है।




