नई दिल्ली : लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी द्वारा संसद मार्ग पुलिस स्टेशन के बाहर दिए जा रहे धरने पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने जोरदार हमला बोला है। केंद्रीय मंत्री और बीजेपी सांसद जेपी नड्डा ने राहुल गांधी के इस कदम को ‘सस्ती राजनीति’ और ‘कैमराजीवी ड्रामा’ करार दिया है। BJP का आरोप है कि यह धरना छात्रों को न्याय दिलाने के लिए नहीं, बल्कि कांग्रेस के खिलाफ चल रहे राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ विवाद से देश का ध्यान भटकाने के लिए रचा गया है।
Read More : 20 रुपये की रिश्वत का केस 30 साल चला, सुप्रीम कोर्ट ने किया बरी
‘SC की कमेटी जांच कर रही, फिर कैसा ड्रामा?’ – जेपी नड्डा
केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने राहुल गांधी के धरने पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पूरा देश देख रहा है कि कांग्रेस नेता किस तरह मीडिया अटेंशन पाने के लिए राजनीति कर रहे हैं। नड्डा ने कहा कि 20 जुलाई की घटना पर सुप्रीम कोर्ट (SC) पहले ही संज्ञान ले चुका है और एक पूर्व जज की अगुवाई में 5 सदस्यीय उच्चस्तरीय कमेटी का गठन कर जांच करा रहा है। जब देश की शीर्ष अदालत मामले को देख रही है, तब राहुल गांधी का थाने के बाहर बैठना न्यायपालिका पर अविश्वास जताने जैसा है। नड्डा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस इस समय ‘वंदे मातरम’ के अपमान और कांग्रेस नेता द्वारा तिरंगे जैसा केक काटने के मामले पर देश भर में घिरी हुई है। अपनी इस शर्मिंदगी और देश-विरोधी चेहरे को छिपाने के लिए राहुल गांधी ने जल्दबाजी में यह राजनीतिक ड्रामा किया है।
‘अराजकता की राजनीति करते हैं राहुल गांधी’ – रविशंकर प्रसाद
इससे पहले BJP के वरिष्ठ सांसद रविशंकर प्रसाद ने भी राहुल गांधी की कार्यशैली पर कड़ा ऐतराज जताया। रविशंकर प्रसाद ने कहा कि राहुल गांधी बिना किसी पूर्व सूचना या अनुमति के संसद मार्ग पुलिस स्टेशन पहुंचे। पुलिस द्वारा स्पष्ट किए जाने के बावजूद कि घटना पर पहले ही FIR दर्ज हो चुकी है और सुप्रीम कोर्ट की कमेटी जांच कर रही है, राहुल गांधी कानून का सम्मान किए बिना धरने पर बैठ गए। प्रसाद ने कहा कि राहुल गांधी लगातार अराजकता की राजनीति कर रहे हैं, जिसकी बीजेपी कड़ी निंदा करती है। BJP नेताओं ने कहा कि देश की जनता राहुल गांधी के ‘हिट-एंड-रन’ रवैये को भली-भांति समझ चुकी है और कांग्रेस अपने पापों व जवाबदेही से बच नहीं सकती।








