रांची : पिपरवार थाना क्षेत्र की गरही नदी से अवैध रूप से बालू खनन कर बड़े पैमाने पर भंडारण किए जाने के मामले में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 100 ट्रैक्टर (लगभग 10 हजार CFT) बालू जब्त किया है। टंडवा थाना क्षेत्र के ग्राम चौड़ा में हुई इस संयुक्त छापेमारी के बाद क्षेत्र में सक्रिय बालू माफियाओं में हड़कंप मच गया है। प्रशासन का कहना है कि यह कार्रवाई अवैध खनन के नेटवर्क पर प्रभावी प्रहार साबित होगी। जब्त किए गए बालू को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
Read More : रामगढ़ सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, ईमेल मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट
संयुक्त छापेमारी में हुआ बड़ा खुलासा
विश्वसनीय सूचना के आधार पर टंडवा अंचलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस निरीक्षक सह टंडवा थाना प्रभारी पप्पू शर्मा और पिपरवार थाना प्रभारी प्रशांत कुमार मिश्रा के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने ग्राम चौड़ा में शाम करीब छह बजे छापेमारी की। जांच के दौरान बड़ी मात्रा में अवैध रूप से भंडारित बालू बरामद किया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि यह बालू पिपरवार थाना क्षेत्र स्थित गरही नदी से अवैध खनन कर यहां जमा किया गया था। प्रशासन ने पूरे भंडारण को जब्त कर लिया है।
दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई
अधिकारियों ने बताया कि अवैध खनन, परिवहन और भंडारण में शामिल लोगों की पहचान कर ली गई है। पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ खनन अधिनियम तथा अन्य संबंधित धाराओं के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि प्राकृतिक संसाधनों की अवैध लूट किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अवैध खनन पर निगरानी होगी और सख्त
पुलिस और प्रशासन ने संकेत दिया है कि गरही नदी सहित पूरे क्षेत्र में अवैध बालू खनन पर निगरानी और कड़ी की जाएगी। भविष्य में भी संयुक्त अभियान जारी रहेगा, ताकि खनन माफियाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके और सरकारी राजस्व को होने वाले नुकसान को रोका जा सके।



