रांची : खराब मौसम का असर बीती रात रांची एयरपोर्ट की विमान सेवाओं पर पड़ा। कम दृश्यता और खराब मौसम के कारण कई उड़ानों को रांची में लैंड कराने के बजाय दूसरे शहरों की ओर डायवर्ट करना पड़ा। इंडिगो की दो उड़ानों को लखनऊ डायवर्ट किया गया, जबकि हैदराबाद से रांची आने वाली एक फ्लाइट को कोलकाता भेजा गया।
Read More : शी जिनपिंग ने अमेरिका को दिए दो पांडा, बोले- दोस्ती के दूत बनेंगे
हवा में चक्कर काटने के बाद डायवर्ट हुई फ्लाइट
बेंगलुरु से रांची आ रहा इंडिगो का विमान करीब 40 मिनट तक आसमान में चक्कर लगाता रहा। इसके बाद मौसम की स्थिति को देखते हुए विमान को लखनऊ डायवर्ट कर दिया गया। विमान में सवार एक यात्री के अनुसार, रात करीब 11:30 बजे यात्रियों को विमान को दिल्ली ले जाने की घोषणा की गई, जिससे यात्रियों में नाराजगी देखने को मिली और हंगामा शुरू हो गया।
रांची-दिल्ली विमान सेवा रद्द
दिल्ली से रांची आ रही इंडिगो की एक अन्य उड़ान भी रात करीब 9:15 बजे लखनऊ डायवर्ट कर दी गई। वहीं, हैदराबाद से रांची आने वाली फ्लाइट भी रात 9 बजे के बाद खराब मौसम के कारण कोलकाता डायवर्ट कर दी गई। लगातार डायवर्जन के बाद इंडिगो ने रांची-दिल्ली विमान सेवा रद्द कर दी है। यात्रियों को बुकिंग री-शेड्यूल करने या यात्रा स्थगित करने पर फुल रिफंड का विकल्प दिया गया है। एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों को अपनी फ्लाइट का स्टेटस जांचने के बाद ही घर से निकलने की सलाह दी है।




