रांची : सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (CCL) के बरका-सयाल क्षेत्र अंतर्गत उरीमारी ओपन कास्ट (ओसी) परियोजना में कार्यरत दिवंगत कर्मचारी स्वर्गीय महेश साव के परिवार को बड़ी आर्थिक सुरक्षा मिली है। 24 सितंबर 2025 को कार्य के दौरान एक दुखद हादसे में उनका निधन हो गया था। 13 अगस्त 2026 को कोल इंडिया लिमिटेड की कॉर्पोरेट सैलरी पैकेज (CSP) योजना के तहत दिवंगत कर्मचारी की पत्नी एवं नामिनी सुनीता देवी को ₹1 करोड़ की सहायता राशि का चेक प्रदान किया गया। यह वित्तीय सहायता दिवंगत कर्मचारी के परिवार के भविष्य को सुरक्षित करने और उन्हें संबल प्रदान करने की दिशा में एक अहम कदम है।
चेक वितरण के दौरान भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के रीजनल मैनेजर कुमार नीलोत्पल, चीफ मैनेजर (सैलरी पैकेज) विकास कुमार पांडेय, CCL मुख्यालय रांची की विभागाध्यक्ष (HR&IR) रूबी रंजन, चीफ मैनेजर पुष्पक लाला तथा बरका-सयाल क्षेत्र के स्टाफ ऑफिसर (HR&A) अजय कुमार समेत बैंक और कंपनी के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। उपस्थित अधिकारियों ने महेश साव के असामयिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए इसे कंपनी के लिए अपूरणीय क्षति बताया। सहायता राशि प्राप्त करने के बाद सुनीता देवी ने CCL प्रबंधन और भारतीय स्टेट बैंक का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह मदद उनके परिवार के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण और सराहनीय पहल है। CCL प्रबंधन ने दोहराया कि कंपनी अपने कर्मचारियों और उनके आश्रितों के कल्याण, सुरक्षा व सामाजिक संरक्षण के लिए सदैव तत्पर है।



