रांची : झारखंड में JPSC-PT परीक्षा और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों को लेकर चल रहा छात्र आंदोलन अब बड़ा राजनीतिक रूप अख्तियार करता जा रहा है। इस बीच, असम के CM हिमंता बिस्वा सरमा ने सोशल मीडिया के जरिए आंदोलनरत युवाओं के प्रति अपना नैतिक समर्थन जताया है। उन्होंने झारखंड सरकार से छात्रों की जायज मांगों को बिना किसी देरी के स्वीकार करने और उन्हें न्याय देने की अपील की है।
Read More : हिंदपीढ़ी में असामाजिक तत्वों का तांडव : आधा दर्जन से अधिक गाड़ियों में तोड़फोड़, DSP की कार भी क्षतिग्रस्त
चुनाव के दौरान करीब से देखी अभ्यर्थियों की पीड़ा: हिमंता बिस्वा सरमा
असम के CM ने अपने संदेश में लिखा कि झारखंड विधानसभा चुनाव के दौरान उन्हें JSSC-CGL अभ्यर्थियों की पीड़ा, आक्रोश और भर्ती प्रक्रिया को लेकर उनकी चिंताओं को बहुत करीब से देखने का अवसर मिला था। उन्होंने कहा कि आज जो छात्र अपने सुरक्षित भविष्य और न्याय की मांग को लेकर सड़कों पर आंदोलन कर रहे हैं, उनकी भावनाओं को वह अच्छी तरह समझते हैं।
झारखंड विधानसभा चुनाव के दौरान मुझे JSSC-CGL अभ्यर्थियों की पीड़ा, आक्रोश और भर्ती प्रक्रिया को लेकर उनकी चिंता को करीब से देखने का मौका मिला था।
आज जो छात्र अपने भविष्य और न्याय की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं, उनकी भावनाओं को मैं भली-भांति समझ सकता हूँ। यदि…
— Himanta Biswa Sarma (@himantabiswa) August 4, 2026
झामुमो-कांग्रेस-राजद सरकार की संवेदनशीलता पर उठाए सवाल
हिमंता बिस्वा सरमा ने राज्य की हेमंत सोरेन नीत सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि यदि झामुमो, कांग्रेस और राजद की सरकार समय रहते छात्रों की शिकायतों पर संवेदनशीलता और पारदर्शिता के साथ कार्रवाई करती, तो हालात इस हद तक नहीं पहुंचते। उन्होंने आरोप लगाया कि भर्ती प्रक्रियाओं में धांधली और पेपर लीक के आरोपों की अनदेखी के कारण आज राज्य के लाखों युवाओं का भविष्य अधर में लटक गया है।
छात्र किन मुख्य मांगों को लेकर हैं उग्र?
राजधानी रांची समेत पूरे राज्य में सड़कों पर उतरे छात्र कई प्रमुख मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं:
JPSC PT परीक्षा रद्द करना : विवादों में घिरी JPSC की पीटी परीक्षा को तुरंत रद्द किया जाए।
CBI जांच की मांग : कथित धांधली और पेपर लीक मामले की निष्पक्ष सीबीआई (CBI) जांच कराई जाए।
दोषियों पर सख्त कार्रवाई : परीक्षा संचालन में शामिल दोषियों और माफियाओं पर कठोर कानूनी कार्रवाई हो।
JSSC-CGL में पारदर्शिता : JSSC-CGL और अन्य परीक्षाओं में आई अनियमितताओं की भी निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जाए।
CID जांच तेज: पूर्व JPSC अध्यक्ष से पूछताछ, 18 ठिकानों पर छापेमारी
दूसरी ओर, JPSC परीक्षा अनियमितता मामले की जांच कर रही झारखंड सीआईडी (CID) ने अपना दायरा काफी बढ़ा दिया है। CID की टीम ने राज्य के 5 जिलों में स्थित 18 ठिकानों पर एक साथ सर्च ऑपरेशन चलाकर महत्वपूर्ण दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य जब्त किए हैं। जांच एजेंसी परीक्षा प्रक्रिया से जुड़े कई अहम लोगों से पूछताछ कर चुकी है। इसी क्रम में पूर्व JPSC अध्यक्ष एल. ख्यांगते से भी पूछताछ की गई है, जबकि पूर्व मार्केटिंग मैनेजर अभय तिवारी समेत कई अन्य संदिग्धों के ठिकानों पर छापेमारी कर साक्ष्य जुटाए गए हैं।




