पूर्वी सिंहभूम : परसुडीह थाना क्षेत्र में शनिवार तड़के हथियारबंद अपराधियों ने एक सब्जी कारोबारी को निशाना बनाते हुए लूट की वारदात को अंजाम दिया। बारिगोड़ा निवासी अनिल रोज की तरह सुबह करीब साढ़े चार बजे साकची सब्जी मंडी में सब्जी खरीदने के लिए घर से निकले थे। सलगाझुरी रेलवे फाटक बंद मिलने पर उन्होंने पुलिया के नीचे से गुजरने वाले वैकल्पिक और अपेक्षाकृत सुनसान रास्ते का इस्तेमाल किया। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे तीन युवकों ने उन्हें घेर लिया।
Read More : श्रावणी मेला 2026 की तैयारी का जायजा लेने देवघर पहुंचे मंत्री सुदिव्य सोनू, दिए जरूरी निर्देश
अनिल के अनुसार, बदमाशों ने हथियार दिखाकर उन्हें धमकाया और विरोध करने पर जान से मारने की चेतावनी दी। इसके बाद आरोपितों ने उनका मोबाइल फोन, गले की चेन और जेब में रखी नकदी लूट ली। वारदात के बाद तीनों आरोपी पुलिया के नीचे के अंधेरे और सुनसान रास्ते का फायदा उठाकर फरार हो गए। घटना से घबराए अनिल कुछ देर तक स्तब्ध रहे और बाद में सुरक्षित स्थान पर पहुंचकर मदद ली।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना के तुरंत बाद अनिल ने परसुडीह थाना की टाइगर मोबाइल टीम को फोन कर लूट की सूचना दी। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाया। इसी दौरान पुलिस को एक संदिग्ध युवक दिखाई दिया, जिसका काफी दूर तक पीछा किया गया, लेकिन वह अंधेरी और सुनसान गलियों का फायदा उठाकर भाग निकला। हालांकि संदिग्ध की तस्वीर सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
CCTV फुटेज के आधार पर पहचान की कोशिश
पुलिस ने पीड़ित का बयान दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। परसुडीह थाना प्रभारी अविनाश कुमार घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रहे हैं ताकि आरोपितों की पहचान की जा सके। उनका कहना है कि फुटेज में संदिग्धों के चेहरे और उनकी गतिविधियां स्पष्ट होने की उम्मीद है। इसी आधार पर छापेमारी तेज की जाएगी। पुलिस ने दावा किया है कि लुटेरों को जल्द गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।




