नई दिल्ली : नीट (NEET) पेपर लीक और अन्य परीक्षाओं को लेकर आलोचनाओं का सामना कर रहे नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) में केंद्र सरकार ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। कार्मिक मंत्रालय द्वारा 27 अगस्त को जारी अलग-अलग आदेशों के अनुसार, एनटीए में दो डायरेक्टर और एक जॉइंट डायरेक्टर की नियुक्ति की गई है। जारी किए गए आदेश के अनुसार 2012 बैच के इंडियन पुलिस सर्विस (IPS) अधिकारी रवि कुमार सिंह और 2012 बैच के इंडियन एडमिनिस्ट्रेटिव सर्विस (IAS) अधिकारी प्रसन्ना वेंकटेश वी को NTA में डायरेक्टर के पद पर नियुक्त किया गया है।
Read More : BPSC 70वीं परीक्षा को लेकर पटना में अधिकार मार्च, 20 हिरासत में
IRS अमित समदरिया बने जॉइंट डायरेक्टर
कार्मिक मंत्रालय के एक अन्य आदेश के अनुसार, 2016 बैच के इंडियन रेवेन्यू सर्विस (कस्टम्स और इनडायरेक्ट टैक्सेस) अधिकारी अमित समदरिया को NTA में जॉइंट डायरेक्टर के तौर पर नियुक्त किया गया है। तीनों आदेशों में स्पष्ट किया गया है कि नवनियुक्त अधिकारियों को आदेश जारी होने के तीन हफ्ते के भीतर अपना नया पद संभालना होगा। ऐसा न करने पर संबंधित अधिकारी को सेंट्रल स्टाफिंग स्कीम से बाहर (डिबार) करने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
कौन हैं IPS रवि कुमार सिंह और IAS प्रसन्ना वेंकटेश वी?
IPS रवि कुमार सिंह : AGMUT कैडर के 2012 बैच के अधिकारी हैं। NTA में डायरेक्टर बनने से पहले वे दिल्ली पुलिस की इकोनॉमिक ऑफेंस विंग (EOW) में DCP के पद पर कार्यरत थे। वे सितंबर 2012 में सेवा में शामिल हुए थे।
IAS प्रसन्ना वेंकटेश वी : आंध्र प्रदेश कैडर के 2012 बैच के अधिकारी हैं। उन्होंने तमिलनाडु एग्रीकल्चरल यूनिवर्सिटी से एग्रीकल्चर में स्नातक किया है। वे एलुरु के डीएम, विजयवाड़ा के नगर आयुक्त, कुरनूल के जॉइंट कलेक्टर और एपी सोशल वेलफेयर रेजिडेंशियल एजुकेशनल इंस्टीट्यूशंस सोसाइटी में सचिव जैसे पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं।




