एल्विश यादव के घर पर फायरिंग का आरोपी गिरफ्तार, अमेरिका में दबोचा गया गैंगस्टर

गुरुग्राम : अमेरिका में भारत के मोस्टवांटेड गैंगस्टर हिमांशु भाऊ और नीरज फरीदपुरिया की गिरफ्तारी के बाद गुरुग्राम में भी पुराने आपराधिक मामलों की चर्चा तेज हो गई है। इनमें यूट्यूबर और बिग बॉस ओटीटी सीजन-2 के विजेता एल्विश यादव के सेक्टर-57 वाले घर पर

एल्विश यादव
हिमांशु भाऊ अमेरिका में गिरफ्तार

अपनी भाषा में पढ़ें

गुरुग्राम : अमेरिका में भारत के मोस्टवांटेड गैंगस्टर हिमांशु भाऊ और नीरज फरीदपुरिया की गिरफ्तारी के बाद गुरुग्राम में भी पुराने आपराधिक मामलों की चर्चा तेज हो गई है। इनमें यूट्यूबर और बिग बॉस ओटीटी सीजन-2 के विजेता एल्विश यादव के सेक्टर-57 वाले घर पर फायरिंग और हीरो होंडा चौक के पास एक कार शोरूम पर हुई गोलीबारी का मामला भी शामिल है। इन दोनों घटनाओं में हिमांशु भाऊ का नाम सामने आया था। बताया जा रहा है कि हरियाणा एसटीएफ, एनआईए और दूसरी एजेंसियों से मिली साझा जानकारी के आधार पर अमेरिकी एजेंसियों ने दोनों गैंगस्टरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, हिमांशु भाऊ के खिलाफ गुरुग्राम समेत एनसीआर के कई इलाकों में आपराधिक मामले दर्ज हैं। अब दोनों की गिरफ्तारी के बाद इन मामलों को लेकर भी आगे की कार्रवाई पर नजर बनी हुई है।

Read More : नेहा बोरा ने बॉन्ड भरने से किया इनकार, जानें पूरा मामला

एल्विश यादव के घर पर हुई थी ताबड़तोड़ फायरिंग

अगस्त 2025 में तीन शूटरों ने एल्विश यादव के गुरुग्राम के सेक्टर-57 स्थित घर पर कई राउंड फायरिंग की थी। घटना के बाद विदेश में बैठे एक गैंगस्टर ने सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर इसकी जिम्मेदारी ली थी। उस पोस्ट में हिमांशु भाऊ का नाम भी सामने आया था। इस मामले में पुलिस ने पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया था। फायरिंग की घटना से पहले एल्विश यादव को फोन पर करोड़ों रुपये की रंगदारी देने की धमकी भी मिली थी।

कार शोरूम पर फायरिंग में भी आया था नाम

गुरुग्राम के हीरो होंडा चौक के पास स्थित बिग बाय टायज कार शोरूम पर भी करीब चार-पांच महीने पहले कई राउंड फायरिंग की गई थी। इस घटना की जिम्मेदारी भी हिमांशु भाऊ गैंग ने ली थी। इन घटनाओं के चलते गुरुग्राम में गैंगस्टर के नेटवर्क और उससे जुड़े मामलों की जांच अहम मानी जा रही है।

चार गैंगस्टरों पर 10-10 लाख रुपये के इनाम की सिफारिश

हरियाणा, राजस्थान, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में बढ़ती आपराधिक घटनाओं के बीच हरियाणा एसटीएफ ने हिमांशु भाऊ समेत चार गैंगस्टरों पर इनाम घोषित करने की सिफारिश की थी। इनमें रोहित गोदारा, रणदीप मलिक और अनिल पंडित के नाम भी शामिल हैं। इन सभी पर 10-10 लाख रुपये का इनाम घोषित करने के संबंध में अगस्त 2026 में पत्र लिखा गया था। एजेंसियां विदेश में बैठे गैंगस्टरों की गिरफ्तारी के लिए आपसी तालमेल से काम कर रही थीं।

भारत लाने के बाद होगी पूछताछ : हरियाणा STF

हरियाणा एसटीएफ के एसपी वसीम अकरम ने बताया कि अमेरिका में पकड़े गए गैंगस्टर को भारत लाने के लिए डिपोर्ट करने की प्रक्रिया जल्द पूरी की जाएगी। हिमांशु भाऊ को हरियाणा एसटीएफ भारत लेकर आएगी, जिसके बाद उससे कई मामलों में पूछताछ की जाएगी। अधिकारियों को उम्मीद है कि पूछताछ से विदेश में बैठे दूसरे गैंगस्टरों और उनके नेटवर्क के बारे में भी जानकारी मिल सकती है। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि इन गैंगस्टरों की गिरफ्तारी से हरियाणा में आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *