रांची: झारखंड हाईकोर्ट एडवोकेट एसोसिएशन की नई कमिटी के लिए हुए चुनाव की मतगणना लगभग पूरी हो चुकी है। अब तक सामने आए परिणामों में कई पदों पर बड़ा फेरबदल देखने को मिला है। अध्यक्ष पद पर वरीय अधिवक्ता अजीत कुमार ने जीत दर्ज की है। वहीं नवीन कुमार ने महासचिव पद पर 819 वोट हासिल कर जीत अपने नाम की है। इसके अलावा राहुल गुप्ता ने उपाध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की है। आकाशदीप संयुक्त कोषाध्यक्ष के पद पर विजयी हुए हैं, जबकि भोला नाथ ओझा ने लाइब्रेरी सचिव पद पर जीत हासिल की है।इस चुनाव में करीब 72 प्रतिशत अधिवक्ताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। कुल 16 पदों के लिए चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। इस बार चुनाव में कुल 96 उम्मीदवार मैदान में थे।
ऋतु कुमार नहीं बचा पाईं अध्यक्ष की कुर्सी
हाईकोर्ट एडवोकेट एसोसिएशन की एडहॉक कमिटी की वर्तमान अध्यक्ष ऋतु कुमार थीं, जबकि नवीन कुमार महासचिव की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। दोनों के सामने अपनी-अपनी कुर्सी बचाने की चुनौती थी। हालांकि, अध्यक्ष पद पर ऋतु कुमार को हार का सामना करना पड़ा और अजीत कुमार ने बाजी मार ली।इस बार का हाईकोर्ट एडवोकेट एसोसिएशन चुनाव काफी दिलचस्प रहा। अधिवक्ताओं के ज्वलंत मुद्दों के साथ पिछले चार वर्षों के कामकाज का भी आकलन चुनाव में देखने को मिला। इसी आधार पर अधिवक्ताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।
अध्यक्ष पद पर पांच उम्मीदवार थे मैदान में
अध्यक्ष पद के लिए वरीय अधिवक्ता अजीत कुमार, ऋतु कुमार, महेश तिवारी, मनोज टंडन और आरएसपी सिन्हा चुनाव मैदान में थे।वहीं उपाध्यक्ष पद के लिए संजीव ठाकुर, राहुल गुप्ता, धीरज कुमार, प्राण प्रणय, नवीन कुमार सिंह, अमरेश कुमार और जयशंकर तिवारी ने अपनी किस्मत आजमाई। महासचिव पद के लिए नवीन कुमार, विनोद सिंह, अमित सिन्हा और संतोष सोनी के बीच मुकाबला था। मतगणना के बाद नवीन कुमार ने 819 वोट हासिल कर महासचिव पद पर जीत दर्ज की। चुनाव परिणाम सामने आने के बाद नई कमिटी के गठन का रास्ता साफ हो गया है। शेष पदों के परिणाम भी मतगणना पूरी होने के साथ स्पष्ट होंगे।




