रांची : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने गुरुवार को कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि पार्टी दिल्ली और झारखंड में अलग-अलग रवैया अपनाती है। उन्होंने कहा कि झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) मामले की जांच CID के बजाय केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) से कराई जानी चाहिए। उनका आरोप है कि राज्य सरकार शराब घोटाले की तरह इस मामले में भी केवल खानापूर्ति कर रही है।
Read More : रांची में अतिक्रमण के खिलाफ निगम की कार्रवाई, 12 भवनों को नोटिस जारी
रांची स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में आदित्य साहू ने कहा कि राज्य में बीते छह वर्षों के दौरान हुई विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक और अनियमितताओं के आरोप लगे हैं। उन्होंने JPSC, JSSC, CGL, उत्पाद सिपाही भर्ती और शिक्षक नियुक्ति सहित सभी परीक्षाओं की CBI जांच कराने की मांग की।
JPSC और परीक्षा अनियमितताओं पर कांग्रेस को घेरा
आदित्य साहू ने कहा कि JPSC में कथित गड़बड़ी के खिलाफ भाजपा के आंदोलन के बाद तत्कालीन अध्यक्ष को इस्तीफा देना पड़ा। उन्होंने मांग की कि तत्कालीन अध्यक्ष के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाए। साथ ही कहा कि यदि कांग्रेस में नैतिकता है तो वह भी CBI जांच की मांग का समर्थन करे। उन्होंने कहा कि NEET परीक्षा में गड़बड़ी सामने आने के बाद दोबारा परीक्षा कराई गई और केंद्र सरकार ने पेपर लीक मामलों के त्वरित निस्तारण के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाने की घोषणा की है। वहीं, झारखंड में परीक्षा मामलों की जांच को उन्होंने केवल “आईवॉश” बताया।
भाजपा कार्यालय विवाद पर कांग्रेस पर आरोप
आदित्य साहू ने रांची स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय के घेराव के दौरान हुई घटनाओं को निंदनीय बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने प्रदर्शन के दौरान पत्थर, अंडे और टमाटर फेंकवाए। साथ ही कुछ पुलिस पदाधिकारियों पर एकतरफा कार्रवाई करने और कांग्रेस कार्यकर्ताओं की तरह व्यवहार करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इस घटना में भाजपा के कई कार्यकर्ता घायल हुए हैं। पार्टी पूरे मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करेगी और कांग्रेस के खिलाफ कोतवाली थाना में एफआईआर दर्ज कराएगी।
केंद्र सरकार और कांग्रेस पर भी साधा निशाना
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि कांग्रेस राष्ट्रविरोधी ताकतों के साथ मिलकर देश को कमजोर करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने राहुल गांधी और सोनिया गांधी पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि कांग्रेस की राजनीति टकराव और अराजकता को बढ़ावा देती है। उन्होंने पीएम मोदी के 12 वर्षों के कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि केंद्र सरकार ने देश का मान बढ़ाया है और युवाओं के हित में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए हैं। प्रेसवार्ता में प्रदेश मीडिया प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह, प्रदेश प्रवक्ता संदीप वर्मा, शोभा यादव, संजय चौधरी और संजीत सिंह भी मौजूद रहे।



