रांची : भ्रष्टाचार के खिलाफ एसीबी झारखंड की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में रांची के सिल्ली अंचल कार्यालय में तैनात अमीन विनोद लोहरा को ACB की टीम ने गुरुवार को 50 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। एसीबी के अनुसार, अमीन विनोद लोहरा एक व्यक्ति की जमीन की मापी कराने के बदले 2 लाख रुपये नकद और 4 डिसमिल जमीन रिश्वत के तौर पर मांग रहा था। पीड़ित काफी समय से अपनी जमीन की मापी के लिए अंचल कार्यालय का चक्कर लगा रहा था।
Read More : बोकारो में सड़क का बड़ा हिस्सा धंसा, 50 हजार लोगों की आवाजाही प्रभावित
जमीन मापी के बदले मांगी थी रिश्वत
इसी दौरान पीड़ित की मुलाकात अमीन विनोद लोहरा से हुई। आरोप है कि अमीन ने जमीन की मापी कराने के लिए उससे बड़ी रकम की मांग की और कहा कि काम कराने के लिए 2 लाख रुपये नकद देने होंगे। इसके साथ ही 4 डिसमिल जमीन भी देनी होगी। अमीन की मांग से परेशान होकर पीड़ित ने रिश्वत देने के बजाय ACB से शिकायत करने का फैसला किया। उसने रांची स्थित ACB कार्यालय पहुंचकर पूरे मामले की लिखित शिकायत दी।
शिकायत के बाद ACB ने बनाया प्लान
शिकायत मिलने के बाद ACB ने मामले की जांच शुरू की। जांच में रिश्वत मांगने की बात सामने आने के बाद टीम ने अमीन को पकड़ने के लिए योजना बनाई। गुरुवार को पीड़ित 50 हजार रुपये की पहली किश्त लेकर अमीन के पास पहुंचा। जैसे ही विनोद लोहरा ने रुपये लिए, पहले से मौके पर मौजूद एसीबी की टीम ने उसे पकड़ लिया।
अमीन की गिरफ्तारी के बाद पूछताछ
अचानक हुई इस कार्रवाई से सिल्ली अंचल कार्यालय में हड़कंप मच गया। ACB की टीम आरोपी अमीन विनोद लोहरा को गिरफ्तार कर अपने साथ रांची ले गई। रांची में उससे पूछताछ की जा रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।





