पलामू : मेदिनीनगर के गायत्री मंदिर रोड स्थित बैरिया में गुरुवार को नवनिर्मित आधार सेवा केंद्र का उद्घाटन सांसद विष्णु दयाल राम ने किया। इस मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, जनप्रतिनिधि और संबंधित अधिकारी-कर्मी मौजूद रहे। उद्घाटन के बाद सांसद विष्णु दयाल राम ने कहा कि आधार आज प्रत्येक नागरिक की पहचान से जुड़ा महत्वपूर्ण दस्तावेज है। सरकारी योजनाओं और विभिन्न जरूरी सेवाओं का लाभ लेने में भी इसकी अहम भूमिका है। ऐसे में आधार से जुड़ी सेवाएं लोगों को स्थानीय स्तर पर आसानी से मिलनी चाहिए।
Read More : शेयर बाजार में बड़ी गिरावट, सेंसेक्स 1,248 अंक टूटा, निफ्टी 23,063 पर बंद
पलामू और गढ़वा में आधार केंद्र की स्वीकृति
सांसद ने कहा कि पलामू में आधार सेवा केंद्र की आवश्यकता को देखते हुए लगातार प्रयास किए गए। इसका परिणाम है कि पलामू के बैरिया के साथ-साथ गढ़वा जिले में भी आधार सेवा केंद्र की स्वीकृति मिली है। इससे दोनों जिलों के नागरिकों को आधार से जुड़े कार्यों के लिए स्थानीय स्तर पर सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि आधार में नाम, पता, मोबाइल नंबर और बायोमेट्रिक समेत अन्य जरूरी सुधार व अपडेट कराने के लिए पलामू और गढ़वा के लोगों को कई बार रांची जाना पड़ता था। इससे लोगों का अतिरिक्त समय, पैसा और श्रम खर्च होता था। अब जिले में आधार सेवा केंद्र की सुविधा मिलने से लोगों को ऐसे कार्यों के लिए रांची जाने की परेशानी से राहत मिलेगी।
बुजुर्गों और ग्रामीणों को मिलेगी सुविधा
सांसद ने कहा कि आधार सेवा केंद्र के जरिए आम नागरिकों को आधार से संबंधित जरूरी सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होंगी। इससे खासकर बुजुर्गों, महिलाओं, विद्यार्थियों, ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों और दूर-दराज से आने वाले नागरिकों को सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने में आधार की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसलिए आधार से जुड़ी सेवाओं को सरल, सुलभ और पारदर्शी बनाना समय की जरूरत है।
अधिकारियों को समयबद्ध सेवा देने का निर्देश
सांसद विष्णु दयाल राम ने संबंधित अधिकारियों और कर्मियों से कहा कि आधार सेवा केंद्र पर आने वाले नागरिकों को समयबद्ध और बेहतर सेवा उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। कार्यक्रम में डालटनगंज विधायक आलोक चौरसिया, आधार के डिप्टी डायरेक्टर नीरज कुमार, सांसद प्रतिनिधि विजय ओझा, सांसद के निजी सचिव अलख दुबे, वरिष्ठ भाजपा नेता ईश्वरी पाण्डेय, भीष्म चौरसिया, शिवकुमार मिश्रा, कौशल झा और सांसद प्रतिनिधि सुनील पांडेय सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।



