घर में अकेली युवती ने फंदे से झूलकर की आत्महत्या, कारणों की जांच में जुटी पुलिस

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत चांदमारी गांव में एक युवती ने घर में फंदे से झूलकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान सिया कुमारी (पिता स्वर्गीय संजीत राम) के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम

चाईबासा:

पश्चिमी सिंहभूम जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत चांदमारी गांव में एक युवती ने घर में फंदे से झूलकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान सिया कुमारी (पिता स्वर्गीय संजीत राम) के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

मृतका के बड़े भाई विशाल राम ने शुक्रवार को बताया कि गुरुवार को परिवार के सभी सदस्य अपने-अपने काम में व्यस्त थे। वह स्वयं सुबह घर से काम पर निकल गया था। शाम करीब छह बजे जब वह घर लौटा तो देखा कि उसकी बहन सिया कुमारी कमरे में लगे पंखे से रस्सी के सहारे बने फंदे पर झूल रही थी। यह दृश्य देखकर वह स्तब्ध रह गया।

विशाल राम ने बताया कि उसने तत्काल अपनी बहन को फंदे से नीचे उतारा और परिजनों की मदद से इलाज के लिए सदर अस्पताल चाईबासा पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिवार और आसपास के लोगों में शोक की लहर दौड़ गई।

परिवार के अनुसार सिया कुमारी के पिता संजीत राम का पहले ही निधन हो चुका है। उनकी मां मजदूरी एवं अन्य कामकाज के सिलसिले में अक्सर घर से बाहर रहती हैं। बड़ा भाई टोटो चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता है, जिसके कारण वह भी अधिकांश समय घर से बाहर रहता है। वहीं भाई की पत्नी पिछले करीब दो माह से अपने मायके में रह रही है। ऐसे में सिया कुमारी अधिकांश समय घर में अकेली रहती थी।

विशाल राम ने बताया कि परिवार को इस बात की कोई जानकारी नहीं है कि सिया ने आत्महत्या जैसा कदम क्यों उठाया। घर में किसी प्रकार के विवाद, तनाव या अन्य परेशानी की कोई जानकारी सामने नहीं आई है। परिवार के सदस्य भी घटना को लेकर हैरान हैं।

इधर, सूचना मिलने पर मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक जांच-पड़ताल की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। अधिकारियों का कहना है कि आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *