गुजरात : गुजरात के भरूच जिले में एक केमिकल फैक्ट्री में धमाके से पांच मजदूरों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गए। अधिकारियों के मुताबिक, हादसा शुक्रवार रात करीब 10 बजे वागरा तालुका के सायखा GIDC स्थित सिनजील फार्माकेम (SynZeal Pharmachem) में हुआ। हाइड्रोजनेशन प्रक्रिया के दौरान हुए धमाके के बाद जहरीली मेथिलीन डाइक्लोराइड (MDC) गैस का रिसाव भी शुरू हो गया। भरूच की उप-जिलाधिकारी (SDM) मनीषा मनानी ने बताया कि सिनजील फार्माकेम ने सायखा में करीब एक साल पहले काम शुरू किया था। कंपनी में फार्मा इंटरमीडियरी बनाए जाते हैं। उन्होंने कहा कि धमाका इतना तेज था कि रिएक्टर टैंक फट गया और मशीनरी के पुर्जे घटनास्थल पर बिखर गए।
Read More : रांची के दुर्गापूजा पंडालों के घर बैठे करें दर्शन, DD झारखंड पर LIVE प्रसारण
हाइड्रोजनेशन प्रक्रिया के दौरान हुआ धमाका
SDM मनीषा मनानी ने धमाके के हाइड्रोजनेशन प्रक्रिया के दौरान होने की आशंका जताई। औद्योगिक सुरक्षा और स्वास्थ्य निदेशालय (DISH) के एक अधिकारी ने भी बताया कि इसी प्रक्रिया के दौरान हुए ब्लास्ट के कारण मेथिलीन डाइक्लोराइड (MDC) गैस का रिसाव शुरू हुआ। भरूच के SP अक्षयराज मकवाना ने बताया कि हादसे में पांच मजदूरों की मौत हुई है और पांच अन्य घायल हैं। मृतकों की पहचान आमोद निवासी जयदीप महेशभाई पटेल और भाविक दिलीपकुमार वसावा, गिर सोमनाथ जिले के वृंद तलाविया तथा उत्तर प्रदेश निवासी अनिकेत हरिलाल गौतम और अर्जुन कुमार राम सिंह गौतम के रूप में हुई है।
पांच घायल मजदूरों का इलाज जारी
पुलिस अधीक्षक अक्षयराज मकवाना के अनुसार, घायल मजदूरों में पवन कुमार राम सिंह गौतम, मौसम कुमार रामसेवक यादव, शिवदयाल राम अवतार यादव, प्रतीक प्रवीण प्रजापति और प्रियांशु बहादुरलाल शामिल हैं। ये सभी बिहार और उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। घायलों का इलाज चल रहा है। धमाके की सूचना के बाद गुजरात प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, औद्योगिक सुरक्षा और स्वास्थ्य निदेशालय (DISH) तथा पुलिस के अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।




