रांची : दुर्गापूजा 2026 के अवसर पर दूरदर्शन केंद्र, रांची का क्षेत्रीय चैनल DD झारखंड राजधानी के प्रमुख दुर्गापूजा पंडालों का सीधा प्रसारण करेगा। 18 और 19 अक्टूबर को अष्टमी एवं नवमी के अवसर पर होने वाले इस विशेष प्रसारण के जरिए दर्शक घर बैठे पूजा पंडालों की भव्य सजावट, माँ दुर्गा की प्रतिमाओं और दुर्गोत्सव की रौनक देख सकेंगे। दोनों दिन शाम 6 बजे से रात 8 बजे तक सीधा प्रसारण किया जाएगा। इस दौरान रांची के प्रमुख पूजा पंडालों की आकर्षक विद्युत सज्जा और दुर्गोत्सव की अनूठी छटा दर्शकों तक पहुँचाई जाएगी।
Read More : अभिजीत दीपके को जमानत, शांति बनाए रखने के बॉन्ड पर करना होगा हस्ताक्षर
DD झारखंड पर दो दिन होगा लाइव प्रसारण
दूरदर्शन केंद्र, रांची के कार्यक्रम प्रमुख सुधीर कुमार ने बताया कि दुर्गापूजा झारखंड की सांस्कृतिक परंपरा, जनआस्था और सामाजिक सहभागिता का महत्वपूर्ण पर्व है। DD झारखंड का विशेष सीधा प्रसारण लोगों को उत्सव की भव्यता और धार्मिक उल्लास से जोड़ने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि इस पहल से दर्शक घर बैठे माँ दुर्गा के दर्शन कर सकेंगे। साथ ही, रांची के विभिन्न प्रमुख पूजा पंडालों की आकर्षक सजावट, भव्य प्रतिमाओं और उत्सवी माहौल का अनुभव भी कर पाएँगे।
सांस्कृतिक विरासत को दर्शकों तक पहुँचाने की पहल
सुधीर कुमार ने कहा कि दूरदर्शन जनसेवा प्रसारण के माध्यम से झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, धार्मिक परंपराओं और स्थानीय उत्सवों को व्यापक दर्शक वर्ग तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने उम्मीद जताई कि DD झारखंड का यह विशेष प्रसारण दुर्गोत्सव की रौनक को अधिक से अधिक लोगों तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।




