खूंटी : खूंटी जिले के कर्रा प्रखंड के पीएम श्री उच्च विद्यालय तिलमी के करीब 30 बच्चों की अचानक तबीयत बिगड़ने से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। मिली जानकारी के अनुसार बच्चे 3 अक्टूबर को एजुकेशनल ट्रिप पर गए थे। रविवार शाम से ही बच्चों की तबीयत बिगड़ने लगी। आज यानी 5 अक्टूबर की सुबह तक कई बच्चों को उल्टी-दस्त, तेज बुखार और पेट दर्द की शिकायत होने लगी। इसके बाद आनन-फानन में कई बच्चों को कर्रा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां सभी का इलाज चल रहा है। खूंटी के सिविल सर्जन डॉ. ललित रंजन पाठक ने भी बच्चों के बीमार पड़ने की पुष्टि की है। उन्होंने मीडिया को बताया कि फिलहाल सभी बच्चों की हालत काबू में है। डॉक्टरों की टीम पूरी रात अस्पताल में रहकर बच्चों की निगरानी करती रही।
तिलमी समेत तीन गांवों में बीमार बच्चे
विद्यालय प्रबंधन ने 3 अक्टूबर को बच्चों को तोरपा प्रखंड के डोड़मा स्थित गुरुकुल और रानीफॉल एजुकेशनल ट्रिप पर ले गया था। ट्रिप के दौरान बच्चों ने खुद ही भोजन बनाया था। वहीं, पिकनिक स्थल के आसपास ठेलों से खाद्य सामग्री खाने की बात भी सामने आई है। हालांकि, बच्चों के बीमार पड़ने की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है। स्वास्थ्य विभाग पूरे मामले की जांच कर रहा है। रविवार शाम से बच्चों की तबीयत बिगड़नी शुरू हुई। 5 अक्टूबर की सुबह तक उल्टी, दस्त, बुखार और पेट दर्द की शिकायत वाले बच्चों की संख्या बढ़ गई। प्रभावित बच्चों में अधिकांश तिलमी गांव के रहने वाले हैं। इसके अलावा मासको और बरवादाग गांव के भी कुछ बच्चों के बीमार होने की जानकारी है।
रातभर डॉक्टरों ने की निगरानी
सिविल सर्जन डॉ. ललित रंजन पाठक ने बताया कि फिलहाल सभी बच्चों की स्थिति नियंत्रण में है। एहतियात के तौर पर जिला अस्पताल को भी अलर्ट पर रखा गया है। जरूरत पड़ने पर बच्चों को वहां शिफ्ट किया जा सकता है। घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग ने प्रभावित गांवों में मेडिकल टीमों को सक्रिय कर दिया है। तिलमी, मासको और बरवादाग गांवों में टीमें घर-घर जाकर बच्चों का मेडिकल सर्वे कर रही हैं। इस दौरान बीमार बच्चों की जांच के साथ उन्हें जरूरी दवाइयां भी उपलब्ध कराई जा रही हैं। स्वास्थ्य विभाग ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है और बच्चों के बीमार पड़ने के कारणों का पता लगाने के लिए जानकारी जुटाई जा रही है। विभाग ने शाम तक मामले की विस्तृत रिपोर्ट भी तलब की है।
Read More : माइनर हॉलीडे में सांस्कृतिक एवं खेल प्रतियोगिताओं से गूंजा कॉलेज परिसर





