पलामू : जिले में सड़क दुर्घटनाओं की बढ़ती संख्या चिंताजनक है। जनवरी से अक्टूबर 2026 तक पलामू में 294 सड़क हादसे हुए, जिनमें 207 लोगों की जान चली गई। इस दौरान 185 लोग गंभीर और 25 लोग मामूली रूप से घायल हुए। मंगलवार को डीसी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत की अध्यक्षता में समाहरणालय सभाकक्ष में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई। इसमें दुर्घटनाओं पर रोक लगाने, वाहन जांच अभियान और ब्लैक स्पॉट पर सुरक्षा व्यवस्था सुधारने को लेकर कई निर्देश दिए गए। बैठक में अक्टूबर महीने के सड़क हादसों के आंकड़े भी प्रस्तुत किए गए। इस दौरान 39 दुर्घटनाओं में 24 लोगों की मौत हुई। हादसों में 23 लोग गंभीर और छह लोग मामूली रूप से घायल हुए।
Read More : मेदिनीनगर में खाटूश्यामजी मंदिर के लिए 5.11 लाख रुपये का सहयोग
हेलमेट और सीट बेल्ट नहीं लगाने वालों पर होगी कार्रवाई
डीसी ने सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए वाहन जांच अभियान में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने हेलमेट, सीट बेल्ट, वाहन फिटनेस और वाहनों में अनधिकृत बदलाव की जांच करने को कहा। साथ ही यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया। पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने सभी थाना प्रभारियों को नियमित जांच अभियान चलाने को कहा। उन्होंने हेलमेट और सीट बेल्ट का इस्तेमाल नहीं करने, नशे में वाहन चलाने, ओवरस्पीडिंग, प्रेशर हॉर्न, ट्रिपल राइडिंग और काले शीशे वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
अक्टूबर में 8.30 लाख रुपये का जुर्माना वसूला
बैठक में बताया गया कि अक्टूबर महीने में मोटर वाहन अधिनियम के तहत 457 और झारखंड मोटर वाहन कर अधिनियम के तहत दो चालान काटे गए। इस तरह कुल 459 चालानों से आठ लाख 30 हजार 200 रुपये का जुर्माना वसूला गया। वहीं, जनवरी से अक्टूबर 2026 तक यातायात नियमों के उल्लंघन के मामलों में कुल 1,991 ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित किए गए। इनमें अक्टूबर महीने के 204 लाइसेंस भी शामिल हैं।
पांच ब्लैक स्पॉट की हुई समीक्षा, 15 दिन में लगेंगे ट्रैफिक सिग्नल
बैठक में जिले के प्रमुख दुर्घटना संभावित स्थलों यानी ब्लैक स्पॉट की स्थिति की समीक्षा की गई। इनमें दुबियाखाड़, कांडा घाटी, लोहारा, पोखराहा और सतबरवा बाजार शामिल हैं। डीसी ने संबंधित सड़क निर्माण एजेंसियों को इन स्थानों पर आवश्यक संकेतक, रंबल स्ट्रिप, रिफ्लेक्टर और अन्य सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने पोखराहा फोरलेन और जोड़ में 15 दिनों के भीतर प्रभावी ट्रैफिक सिग्नल लगाने को कहा। इसके अलावा एनएच-98 पर सिलदाग से पड़वा तक सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्य शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया।
घायल की जान बचाने वाले गुड सेमेरिटन को मिला सम्मान
बैठक के दौरान सड़क दुर्घटना में घायल विक्रम कुमार की जान बचाने वाले गुड सेमेरिटन सतीश कुमार शर्मा को सम्मानित किया गया। उन्होंने विक्रम कुमार को समय पर अस्पताल पहुंचाया था। डीसी ने उन्हें दो हजार रुपये का चेक देकर सम्मानित किया। इस मौके पर डीसी ने कहा कि सड़क हादसे में घायल व्यक्ति की मदद करना मानवता का सबसे बड़ा कार्य है। ऐसे लोगों को सम्मानित करना प्रशासन के लिए गर्व की बात है। उन्होंने आम लोगों से भी दुर्घटना में घायल व्यक्तियों की मदद के लिए आगे आने की अपील की।
हिट एंड रन और एंबुलेंस व्यवस्था की भी हुई समीक्षा
बैठक में हिट एंड रन मुआवजा मामलों, सड़क दुर्घटनाओं के आंकड़ों की ऑनलाइन प्रविष्टि, एंबुलेंस एवं ट्रॉमा सेंटर की उपलब्धता और सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान की भी समीक्षा की गई। बैठक में डीटीओ प्रमोद कुमार समेत सड़क सुरक्षा समिति के अन्य सदस्य मौजूद थे।






