रांची: झारखंड में 108 एंबुलेंस कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों और श्रमिक अधिकारों को लेकर आंदोलन तेज कर दिया है। झारखंड प्रदेश एंबुलेंस कर्मचारी संघ (भारतीय मजदूर संघ से संबद्ध) ने 16 अक्टूबर को राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। संघ ने चेतावनी दी है कि यदि मांगों पर जल्द ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो 21 अक्टूबर से राज्यव्यापी अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की जाएगी।
संघ के अनुसार, 108 एंबुलेंस सेवा 15 अक्टूबर की रात 8 बजे से 17 अक्टूबर की सुबह 8 बजे तक बाधित रहेगी। कर्मचारियों का कहना है कि उनकी समस्याओं और मांगों को लेकर अब तक सरकार तथा स्वास्थ्य विभाग की ओर से ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं। इससे कर्मचारियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

स्वास्थ्य मंत्री से बैठक नहीं होने पर नाराजगी

संघ के प्रदेश महामंत्री सह रांची जिला अध्यक्ष सूरज साहू ने बताया कि कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी से बैठक का समय मांगा गया था, लेकिन अब तक बैठक नहीं हो सकी है। उन्होंने कहा कि संघ बातचीत के माध्यम से समस्याओं का समाधान चाहता है, लेकिन मांगों पर कार्रवाई नहीं होने से कर्मचारियों के बीच असंतोष बढ़ रहा है।
सूरज साहू के मुताबिक, 16 सितंबर 2026 को स्वास्थ्य मंत्री की अध्यक्षता में हुई बैठक में समस्याओं के समाधान के लिए 15 से 20 दिनों का समय दिया गया था। हालांकि, निर्धारित समय बीत जाने के बाद भी कर्मचारियों की मांगों पर कोई ठोस पहल नहीं हुई। उन्होंने कहा कि एंबुलेंस सेवा के संचालन के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करने का निर्देश देना कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान नहीं है।

108 एंबुलेंस कर्मचारियों की मांगें?

झारखंड प्रदेश एंबुलेंस कर्मचारी संघ ने अपनी प्रमुख मांगों में 108 एंबुलेंस सेवा का संचालन जिला स्तर पर सिविल सर्जन के माध्यम से कराने की मांग की है। इसके अलावा बर्खास्त कर्मचारियों की दोबारा बहाली, लंबित वेतन का भुगतान और सभी श्रमिक एवं वैधानिक अधिकार सुनिश्चित करने की मांग उठाई गई है।
संघ का कहना है कि कर्मचारियों को उनके अधिकार मिलने चाहिए और लंबे समय से लंबित समस्याओं का जल्द समाधान किया जाना चाहिए।

21 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी

संघ ने आंदोलन की सूचना सम्मान फाउंडेशन कंपनी और स्वास्थ्य विभाग को दे दी है। साथ ही सरकार से जल्द से जल्द मांगें पूरी करने की अपील की है। संघ ने स्पष्ट किया है कि जब तक मांगों पर ठोस निर्णय लेकर उन्हें लागू नहीं किया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
यदि सरकार की ओर से सकारात्मक पहल नहीं की गई, तो 21 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन राज्यव्यापी हड़ताल शुरू की जाएगी। ऐसे में आंदोलन का असर राज्य की 108 एंबुलेंस सेवा पर पड़ सकता है।

also read : महापौर रोशनी खलखो और पार्षदों ने नेमरा में CM हेमंत से की मुलाकात