रांची: झारखंड हाईकोर्ट ने जेईई मेन 2026 परीक्षा में कथित गड़बड़ी के मामले में गिरफ्तार तीन आरोपियों को जमानत दे दी है। अदालत ने रविशंकर सिंह उर्फ रवि शंकर सिंह, साकिर अंसारी उर्फ साकिर और राजेश ठाकुर की जमानत याचिकाओं पर संयुक्त सुनवाई के बाद यह आदेश दिया है। तीनों ओरमांझी (रांची) के रहने वाले हैं।
तीनों आरोपियों पर रामगढ़ थाना में कांड संख्या 69/2026 दर्ज है. इसमें भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4), 338, 336(3), 340(2), 111(3) और 61, आईटी एक्ट की धारा 65, 66, 66-बी, 70 और 84-बी तथा सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधन निवारण) अधिनियम, 2024 की धारा 10(1) और 11(1) लगाई गई हैं. मामला रामगढ़ के सीजेएम कोर्ट में लंबित है।
अभियोजन के अनुसार, जेईई मेन परीक्षा के लिए राधा गोविंद यूनिवर्सिटी केंद्र पर टीसीएस ने कंप्यूटर आदि लगाए थे। आरोप है कि 29 मार्च 2026 को आरोपियों के कहने पर नौ कंप्यूटर मॉनिटर बदले गए और सिस्टम में सॉफ्टवेयर इंस्टॉल किया जा रहा था, ताकि कुछ परीक्षार्थियों को लाभ पहुंचाया जा सके।
राज्य सरकार की ओर से कहा गया कि आरोपियों ने विश्वविद्यालय के एक कर्मचारी की मिलीभगत से यह कोशिश की और परीक्षार्थियों से भारी रकम ली गई।
also read : राज्यपाल से मिले आदिवासी संगठन , निशा भगत की मौत मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग






