तेजस्वी यादव बोले- बढ़ता कर्ज और राजकोषीय घाटा बिहार के लिए चिंता

नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने बिहार की वित्तीय स्थिति को बेहद चिंताजनक बताते हुए एनडीए सरकार की आर्थिक नीतियों पर सवाल उठाए।

अपनी भाषा में पढ़ें

पटना: बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने राज्य की वित्तीय स्थिति को लेकर एनडीए सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर दावा किया कि बिहार की राजकोषीय स्थिति बेहद दयनीय और चिंताजनक हो गई है। तेजस्वी ने आरोप लगाया कि राज्य भारी कर्ज के बोझ तले दब चुका है और कुल सार्वजनिक ऋण में चार गुना से अधिक की वृद्धि हुई है। तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि बिहार को गंभीर आर्थिक संकट की ओर धकेला जा रहा है। उनके मुताबिक, राज्य की वित्तीय स्थिति इतनी खराब हो गई है कि सरकारी कर्मचारियों और पेंशनधारकों के भुगतान, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, ठेकेदारों के बकाये और विकास कार्यों के लिए समय पर पर्याप्त राशि उपलब्ध नहीं हो रही है।

उन्होंने यह भी दावा किया कि छात्रों को मिलने वाले स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड की राशि घटाई गई है और छात्रवृत्ति को समाप्त किया जा रहा है।नेता प्रतिपक्ष ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और एनडीए सरकार की आर्थिक नीतियों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सरकार के पास व्यय प्रबंधन, ऋण प्रबंधन और राजकोषीय घाटे को नियंत्रित करने की कोई स्पष्ट समझ और दीर्घकालिक योजना नहीं है। तेजस्वी यादव ने एक्स पर अपने पोस्ट में कहा कि राज्य का राजस्व घाटा बढ़ रहा है और कर्ज उससे भी तेज गति से बढ़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में देश के प्रमुख राज्यों के बीच बिहार का राजकोषीय घाटा सबसे अधिक रहा और यह जीएसडीपी का 5.8 प्रतिशत था।

उन्होंने कहा कि ऊंचे राजकोषीय घाटे के साथ भारी कर्ज का बोझ राज्य के लिए गंभीर चिंता का विषय है। तेजस्वी ने राज्य की अपनी राजस्व प्राप्तियों और खर्च के बीच संतुलन नहीं होने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि राजस्व सृजन और संग्रह बढ़ाने, बजटीय प्रबंधन में सुधार करने तथा राजकोषीय घाटे को नियंत्रित करने के लिए सरकार के पास कोई ठोस दीर्घकालिक योजना नहीं है। तेजस्वी यादव ने एनडीए सरकार पर पिछले दो वर्षों में रिकॉर्ड कर्ज लेने के बावजूद सरकारी खजाना खाली होने का आरोप लगाया। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर बिहार का पैसा कहां जा रहा है।

उन्होंने सरकार पर भ्रष्टाचार और कथित संगठित लूट का भी आरोप लगाया। तेजस्वी ने कहा कि बिहार का वित्तीय संकट प्रदेश के प्रत्येक नागरिक के लिए सामूहिक चिंता का विषय है। हालांकि, तेजस्वी यादव के इन आरोपों पर सरकार की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *