हजारीबाग: हजारीबाग पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कटकमसांडी थाना कांड संख्या 177/2019 में वर्षों से फरार चल रहे टीपीसी के एरिया कमांडर समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों की गिरफ्तारी कटकमसांडी रेलवे साइडिंग में आगजनी और हाईवा वाहन को आग के हवाले करने से जुड़े मामले में हुई है। पुलिस के अनुसार, यह मामला वादी शिव प्रसाद के फर्दबयान के आधार पर दर्ज किया गया था। प्राथमिकी में आगजनी, रंगदारी समेत अन्य गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने पहले भी निशांत, कपिल और अविनाश समेत कई आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा था। हालांकि, कुछ आरोपी लंबे समय से फरार चल रहे थे।
एसपी के निर्देश पर गठित की गई विशेष टीम
फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए हजारीबाग पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस उपाधीक्षक, मुख्यालय हजारीबाग के निर्देशन में टीम ने कार्रवाई करते हुए दोनों फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बलवंत जी उर्फ छोटू कुमार, निवासी पचमू, थाना हंटरगंज, जिला चतरा और गिरेन्द्र, निवासी दुआरी, थाना गिद्धौर, जिला चतरा के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक बलवंत जी उर्फ छोटू कुमार टीपीसी का एरिया कमांडर है।
कई गंभीर मामलों में दर्ज हैं केस
पुलिस द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, बलवंत जी उर्फ छोटू कुमार के खिलाफ हत्या, रंगदारी, लूट, आर्म्स एक्ट और सीएलए एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में कई थानों में मामले दर्ज हैं। वहीं, दूसरे आरोपी गिरेन्द्र के खिलाफ भी डकैती, मारपीट, रंगदारी और अन्य आपराधिक मामलों में प्राथमिकी दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है। इस कार्रवाई में कटकमसांडी थाना प्रभारी अनुपम प्रकाश, पुलिस अवर निरीक्षक बिरजा कुजूर, आरक्षी राम स्वरूप दांगी, आरक्षी थानेश्वर रविदास और चालक नंदलाल कुमार शामिल रहे।
पुलिस दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद उनके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है। साथ ही पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं और फरार आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।








