जमशेदपुर: डिमना स्थित एमजीएम अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों को निशाना बनाकर चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। अस्पताल में चोरी की कोशिश करते पकड़े गए एक युवक से पूछताछ के बाद पुलिस ने उसके चार अन्य सहयोगियों को भी गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के बागुनहातु डी ब्लॉक निवासी सावन देवगम समेत पांच लोग शामिल हैं।
जेब काटते सुरक्षाकर्मियों ने पकड़ा
मंगलवार रात करीब 10 बजे एमजीएम अस्पताल के पांचवें तल्ले पर नाइट शिफ्ट में तैनात सुरक्षाकर्मियों ने सावन देवगम को एक मरीज के परिजन की जेब काटने की कोशिश करते हुए पकड़ लिया।
उसके पास से 150 रुपये, चिलम, गांजा और ब्लेड बरामद किया गया। पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने चांडिल से दो और बागुनहातु से दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया।
मोबाइल और जेवरात समेत कई सामान बरामद
पुलिस ने आरोपियों के पास से नीले रंग की एक स्कूटी, सोने का लॉकेट, मंगलसूत्र, चांदी की पायल, एक दर्जन से अधिक मोबाइल फोन और नकद राशि समेत कई सामान बरामद किए हैं।
पुलिस को संदेह है कि गिरोह ने पिछले एक महीने के दौरान एमजीएम अस्पताल में चोरी की कई घटनाओं को अंजाम दिया है। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी चोरी की वारदात के बाद अपने कपड़े बदल लेते थे, ताकि उनकी पहचान करना मुश्किल हो।
भीड़भाड़ वाले इलाकों में भी करते थे चोरी
बुधवार को पुलिस टीम ने एमजीएम अस्पताल पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज की जांच की। पुलिस ने अस्पताल में हुई पूर्व की चोरी की घटनाओं से संबंधित मामलों की भी जानकारी जुटाई।
बरामद सामान की पहचान कराने के साथ आरोपियों से अन्य घटनाओं के बारे में पूछताछ की जा रही है। पुलिस के अनुसार, गिरोह के सदस्य अस्पताल के अलावा भीड़भाड़ वाले स्थानों पर चोरी और महिलाओं से छिनतई की घटनाओं को भी अंजाम देते थे।
थाना प्रभारी सचिव दास ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की आपराधिक पृष्ठभूमि की जांच की जा रही है। साथ ही गिरोह के अन्य सदस्यों और उनकी भूमिका का भी पता लगाया जा रहा है।




