रांची : कभी अखाड़े में दांव-पेच दिखाकर राष्ट्रीय स्तर पर कांस्य पदक जीतने वाला पहलवान अब अफीम तस्करी के गंभीर आरोपों में सलाखों के पीछे पहुंच गया है। 31 वर्षीय पूर्व नेशनल पहलवान अमित श्योराण को दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच (NR-II टीम) और झारखंड पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में दिल्ली के मधुबन चौक मेट्रो स्टेशन के पास से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी पर झारखंड से अफीम लाकर दिल्ली और हरियाणा के विभिन्न अखाड़ों व खिलाड़ियों के बीच सप्लाई करने का गंभीर आरोप है।
Read More : HDFC Bank में LIC की हिस्सेदारी बढ़ेगी, RBI ने दी 9.99% की मंजूरी
2013 का नेशनल मेडलिस्ट, फिर उतरा अपराध की दुनिया में
मूल रूप से हरियाणा के रोहतक का रहने वाला अमित श्योराण वर्ष 2013 में आयोजित राष्ट्रीय कैडेट कुश्ती प्रतियोगिता में कांस्य पदक (Bronze Medal) जीत चुका है। कुश्ती के बाद वह बड़े क्लबों में बाउंसर के तौर पर काम करने लगा, जहां वह नशे का सेवन करने वाले लोगों के संपर्क में आया और धीरे-धीरे झारखंड के स्थानीय तस्करों से जुड़कर अफीम के अवैध कारोबार में शामिल हो गया।
अप्रैल 2023 में तस्कर की गिरफ्तारी से खुला था राज
रांची पुलिस के रिकॉर्ड के मुताबिक, अप्रैल 2023 में स्थानीय तस्कर राजेश नाग को लगभग 492 ग्राम अफीम के साथ पकड़ा गया था। पूछताछ के दौरान उसने खुलासा किया था कि वह अमित श्योराण को अफीम की सप्लाई करता था। इसके बाद रांची के धुर्वा (तुपुदाना) थाने में अमित के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।
दिसंबर 2023 से चल रहा था फरार, अदालत ने घोषित किया था भगोड़ा
मामला दर्ज होने के बाद से अमित लगातार फरार चल रहा था। इसके चलते अदालत ने दिसंबर 2023 में उसे घोषित अपराधी (Proclaimed Offender) करार दिया था। अमित पर सिर्फ एनडीपीएस एक्ट ही नहीं, बल्कि हत्या और आर्म्स एक्ट सहित कुल छह आपराधिक मामले भी दर्ज हैं।
रांची पुलिस लेगी रिमांड पर
केंद्रीय गृह मंत्रालय और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) के दिशानिर्देशों के तहत राज्यों की पुलिस द्वारा चलाए जा रहे संयुक्त अभियान में यह सफलता मिली है। दिल्ली पुलिस द्वारा गिरफ्तारी की जानकारी दिए जाने के बाद, रांची पुलिस अमित श्योराण को रिमांड पर लेकर झारखंड लाने की तैयारी में है, ताकि राज्य में फैले अफीम तस्करी के पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके।








