रांची: फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की कार्यकारिणी समिति की 13वीं बैठक बुधवार को चैंबर भवन में अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा की अध्यक्षता में हुई। बैठक में वर्तमान सत्र की गतिविधियों और उपलब्धियों की समीक्षा के साथ आगामी वार्षिक आमसभा और चुनाव की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। चैंबर अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा ने घोषणा की कि झारखंड चैंबर की 62वीं वार्षिक आमसभा 12 सितंबर को होगी, जबकि सत्र 2026-27 की कार्यकारिणी समिति और क्षेत्रीय उपाध्यक्षों का चुनाव 13 सितंबर 2026 को कराया जाएगा। वार्षिक आमसभा चैंबर भवन में और चुनाव मारवाड़ी भवन, हरमू रोड, रांची में होगा।
चुनाव संचालन के लिए जिम्मेदारी तय
चुनाव प्रक्रिया को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए कार्यकारिणी समिति ने पूर्व अध्यक्ष अंचल किंगर को चुनाव चेयरमैन और पूर्व अध्यक्ष पवन शर्मा को को-चेयरमैन मनोनीत किया। महासचिव रोहित अग्रवाल ने बताया कि झारखंड चैंबर की वार्षिक आमसभा-सह राज्यस्तरीय बैठक में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को भी आमंत्रित किया गया है। मुख्यमंत्री की सहमति मिलने पर आमसभा के दूसरे सत्र का आयोजन मारवाड़ी भवन में किया जाएगा। अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा ने वर्तमान सत्र में राज्य सरकार, जिला प्रशासन, प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया तथा प्रदेश के व्यापारियों और उद्यमियों से मिले सहयोग के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि सामूहिक सहयोग और सहभागिता से चैंबर का कार्यकाल प्रभावी और उपलब्धियों से भरा रहा।
216 बैठकों का आयोजन बना रिकॉर्ड
बैठक में कार्यकारिणी समिति के सदस्यों ने वर्तमान सत्र की उपलब्धियों के लिए आदित्य मल्होत्रा के नेतृत्व और प्रयासों की सराहना की। क्षेत्रीय उपाध्यक्षों के वर्षभर के कार्यों और सक्रिय सहभागिता की भी प्रशंसा की गई। इस अवसर पर क्षेत्रीय उपाध्यक्ष संजय अग्रवाल और रमेश कुमार को वर्षभर में उनके उत्कृष्ट योगदान और सक्रिय प्रयासों के लिए कार्यकारिणी समिति की ओर से सम्मानित किया गया। महासचिव रोहित अग्रवाल ने वर्तमान सत्र की वार्षिक रिपोर्ट कार्यकारिणी समिति के सामने रखी, जिसे अनुमोदित कर दिया गया। वहीं, कोषाध्यक्ष अनिल अग्रवाल ने सत्र 2025-26 की ऑडिटेड बैलेंस शीट प्रस्तुत की, जिसे भी समिति ने मंजूरी दी।
उप समितियों की सक्रियता की हुई सराहना
उपाध्यक्ष प्रवीण लोहिया और राम बांगड़ ने सभी उप समितियों के चेयरमैन की वर्षभर की सक्रिय भागीदारी के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि एक वर्ष में 216 बैठकों का आयोजन चैंबर के लिए ऐतिहासिक रिकॉर्ड है। उन्होंने कहा कि उप समितियों की सक्रियता ने चैंबर की गतिविधियों को व्यापक स्तर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। बैठक में चैंबर अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा, उपाध्यक्ष प्रवीण लोहिया, राम बांगड़, महासचिव रोहित अग्रवाल, सह सचिव नवजोत अलंग, रोहित पोद्दार, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष संजय अग्रवाल, रमेश कुमार समेत कार्यकारिणी समिति के सदस्य और विभिन्न उप समितियों के चेयरमैन मौजूद रहे।




