गाले: भारत ने गाले टेस्ट में श्रीलंका को 165 रनों से हराकर शानदार जीत दर्ज की। भारत की ओर से मानव सुथार ने मुकाबले में कुल 10 विकेट लेकर गेंद से जबरदस्त प्रदर्शन किया। श्रीलंका को जीत के लिए 372 रनों का लक्ष्य मिला था, लेकिन पूरी टीम दूसरी पारी में 206 रन पर सिमट गई। मानव सुथार ने पहली पारी में चार विकेट हासिल किए, जबकि दूसरी पारी में छह श्रीलंकाई बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। अपने टेस्ट करियर के महज दूसरे मुकाबले में 10 विकेट लेने के साथ ही उन्होंने भारतीय गेंदबाजों की खास सूची में जगह बना ली है।मानव सुथार भारत की ओर से सबसे कम टेस्ट मैच खेलकर एक ही मुकाबले में 10 विकेट लेने वाले गेंदबाजों में संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। उनसे पहले अक्षर पटेल और लक्ष्मण शिवरामकृष्णन ने अपने दूसरे टेस्ट में यह उपलब्धि हासिल की थी। वहीं, नरेंद्र हिरवानी ने टेस्ट डेब्यू में ही 16 विकेट लेकर यह कारनामा किया था।
श्रीलंका के खिलाफ 10 विकेट लेने वाले छठे भारतीय
मानव सुथार श्रीलंका के खिलाफ एक टेस्ट मैच में 10 विकेट लेने वाले भारत के छठे गेंदबाज बन गए हैं। उनसे पहले अनिल कुंबले, हरभजन सिंह, मनिंदर सिंह, वेंकटपति राजू और रविचंद्रन अश्विन यह उपलब्धि हासिल कर चुके हैं। कुंबले और हरभजन सिंह ने श्रीलंका के खिलाफ एक टेस्ट में दो-दो बार 10 विकेट लिए हैं। सुथार ने विदेशी धरती पर एक टेस्ट में 10 विकेट लेने वाले भारतीय स्पिन गेंदबाजों की सूची में भी अपना नाम दर्ज कराया है। वह इस उपलब्धि को हासिल करने वाले भारत के सातवें स्पिनर बने हैं। खास बात यह है कि 28 साल से कम उम्र में विदेशी जमीन पर एक टेस्ट में 10 विकेट लेने वाले वह पहले भारतीय हैं। उन्होंने 24 साल 16 दिन की उम्र में यह उपलब्धि हासिल की।
श्रीलंका की दूसरी पारी में भी बल्लेबाज फ्लॉप
372 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंका की दूसरी पारी में बल्लेबाज भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सके। टीम की ओर से सोनल दिनुशा ने 84 और धनंजय डी सिल्वा ने 59 रन बनाकर कुछ प्रतिरोध जरूर किया, लेकिन बाकी बल्लेबाज बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे। दूसरी पारी में श्रीलंका के चार बल्लेबाज अपना खाता भी नहीं खोल सके। भारत की ओर से बल्ले से भी शानदार प्रदर्शन देखने को मिला। पहली पारी में 167 रनों की बेहतरीन पारी खेलने वाले देवदत्त पडिक्कल को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।








