रांची : झारखंड में प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित धांधली और अनियमितताओं के विरोध में जारी छात्रों के व्यापक प्रदर्शन के बीच राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। कार्मिक, प्रशासनिक सुधार तथा राजभाषा विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, वर्ष 2014 के बाद से आयोजित 44 प्रमुख भर्ती परीक्षाओं को रद्द कर दिया गया है। इसमें झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) तथा आउटसोर्स एजेंसी ‘टीएसआर डेटा प्रोसेसिंग प्राइवेट लिमिटेड’ (TDPL) से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परीक्षाएं शामिल हैं।
Read More : चांडिल डैम के 13 गेट खुले, 1594 क्यूमेक्स पानी स्वर्णरेखा में छोड़ा
7 IPS अधिकारियों की जांच टीम
प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी की गहराई से जांच के लिए सरकार ने एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है। इस टीम की कमान ADG CID मनोज कौशिक को सौंपी गई है। इस उच्चस्तरीय जांच टीम में 7 IPS अधिकारियों के साथ-साथ 12 डीएसपी समेत लगभग 50 पुलिस अधिकारियों को शामिल किया गया है। यह टीम प्रमाणपत्र से जुड़े नियमों के कथित दोहरे मापदंडों और अभ्यर्थियों द्वारा उठाए गए तमाम गंभीर सवालों की बिंदुवार पड़ताल करेगी। जांच टीम को 2 महीने के भीतर अपनी विस्तृत रिपोर्ट सरकार को सौंपने का निर्देश दिया गया है।
रद्द होने वाली मुख्य परीक्षाओं की सूची
सरकार की ओर से जारी आदेश के अनुसार रद्द एवं जांच के दायरे में आई प्रमुख भर्तीयों में शामिल हैं :
विश्वविद्यालयों में नॉन-टीचिंग पद, ड्रग इंस्पेक्टर व असिस्टेंट प्रोफेसर
सिविल जज, असिस्टेंट फॉरेस्ट कंजर्वेटर, फॉरेस्ट रेंज ऑफिसर व असिस्टेंट पब्लिक प्रॉसिक्यूटर (APP)
झारखंड संयुक्त सिविल सेवा परीक्षा 2025 और 2023 की बैकलॉग भर्ती
फूड सेफ्टी ऑफिसर, चाइल्ड डेवलपमेंट प्रोजेक्ट ऑफिसर (CDPO) और झारखंड एलिजिबिलिटी टेस्ट (JET) 2024
पांचवीं संयुक्त सिविल सेवा भर्ती 2013, कृषि अधिकारी, डेंटिस्ट, सहायक अभियंता और भूविज्ञानी-रसायनज्ञ
आयोगों में सुधार के लिए अमिताभ कौशल समिति
भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और JPSC व JSSC की कार्यप्रणाली को आधुनिक व पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से सरकार ने एक पृथक सुधार समिति का भी गठन किया है। वरिष्ठ आईएएस अधिकारी अमिताभ कौशल की अध्यक्षता वाली यह समिति दोनों आयोगों के प्रशासनिक और ढांचागत सुधारों पर अपने सुझाव देगी। इस समिति को भी दो महीने के भीतर अपनी सिफारिशें प्रस्तुत करनी होंगी।








