रांची। झारखंड हाईकोर्ट ने तीन वर्ष छह माह के बच्चे की कस्टडी से जुड़े मामले की सुनवाई की। कोर्ट के आदेश के आलोक में जमशेदपुर एसएसपी ने नाबालिग बच्चे को कोर्ट के समक्ष प्रस्तुत किया। कोर्ट ने बच्चे की कस्टडी 24 अगस्त तक उसकी मां को दी और बच्चे के पिता को जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया।
अगली सुनवाई 24 अगस्त को
अब मामले की अगली सुनवाई 24 अगस्त को होगी। पिछली सुनवाई में कोर्ट ने बच्चे के पिता को उसे लेकर विदेश जाने से रोकते हुए जमशेदपुर एसएसपी को बच्चे का पासपोर्ट तत्काल अपने कब्जे में लेने का निर्देश दिया था। साथ ही बच्चे को कोर्ट के समक्ष पेश करने का आदेश दिया था।
मामले में बच्चे की मां ने हाईकोर्ट में बंदी प्रत्यक्षीकरण (हेवियस कॉर्पस) याचिका दायर की है। अपने करीब 3.5 वर्षीय बेटे को कोर्ट के समक्ष पेश कराने और उसकी कस्टडी उन्हें दिलाने की मांग की थी। उन्होंने आशंका जताई थी कि बच्चे के पिता उसे लेकर विदेश जा सकते हैं।








