आनंद विहार नमो भारत स्टेशन बना किताब प्रेमियों का नया ठिकाना

23 अगस्त तक चल रहे स्टोरीबॉक्स बुक फेयर में 20 हजार से अधिक किताबें हैं। पाठक तय कीमत वाले बॉक्स में अपनी पसंद की किताबें भरकर खरीद सकते हैं।

नई दिल्ली: आनंद विहार नमो भारत स्टेशन इन दिनों यात्रियों के साथ-साथ किताबों के शौकीनों के लिए भी आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। स्टेशन परिसर में 10 दिवसीय ‘स्टोरीबॉक्स’ बुक फेयर का आयोजन किया जा रहा है, जो 14 अगस्त से शुरू होकर 23 अगस्त तक चलेगा। पुस्तक मेला रोजाना सुबह 9 बजे से रात 10 बजे तक खुला रहेगा। बुक फेयर में 20,000 से अधिक ओरिजिनल किताबों का संग्रह उपलब्ध कराया गया है। इसकी खासियत इसका बॉक्स-आधारित खरीदारी मॉडल है, जिसमें पाठकों को हर किताब की अलग कीमत चुकाने के बजाय तय कीमत वाले बॉक्स में अपनी पसंद की किताबें भरकर खरीदने का विकल्प मिल रहा है।

दो तरह के बॉक्स, अपनी पसंद की किताबें

‘स्टोरीबॉक्स’ में पाठकों के लिए ‘स्टोरीबॉक्स मिनी’ और ‘स्टोरीबॉक्स बिगी’ नाम से दो तरह के बॉक्स उपलब्ध हैं। लोग अपनी पसंद और बजट के अनुसार बॉक्स चुन सकते हैं और उसमें जितनी किताबें आसानी से फिट हों, उन्हें खरीदकर घर ले जा सकते हैं। इस मॉडल के कारण किताबों की खरीदारी का अनुभव भी अलग बन रहा है। पाठक अलग-अलग स्टॉल पर किताबें देखते हैं, अपनी पसंद की विधा चुनते हैं और एक ही बॉक्स में अपना निजी कलेक्शन तैयार करते हैं। इससे सीमित बजट में भी अधिक किताबें खरीदने का मौका मिल रहा है।

हिंदी-अंग्रेजी की किताबों का बड़ा संग्रह

बुक फेयर में हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं की किताबें मौजूद हैं। फिक्शन, नॉन-फिक्शन और बच्चों की किताबों के अलावा अलग-अलग विषयों और शैलियों की पुस्तकें भी यहां उपलब्ध हैं। इस वजह से छात्रों, परिवारों और रोजाना यात्रा करने वाले यात्रियों के बीच भी मेले को लेकर रुचि देखने को मिल रही है।आयोजकों ने इसे सिर्फ किताबों की खरीदारी तक सीमित नहीं रखा है। यहां पाठकों को लेखकों से मिलने, मीट-एंड-ग्रीट सेशन में शामिल होने और पुस्तकों पर ऑटोग्राफ लेने का अवसर भी दिया जा रहा है। एक्सक्लूसिव प्री-ऑर्डर और मर्चेंडाइज समेत किताबों से जुड़े अन्य अनुभव भी आगंतुकों को आकर्षित कर रहे हैं।

नमो भारत स्टेशन को सोशल हब बनाने की पहल

आनंद विहार की बेहतर कनेक्टिविटी इस आयोजन के लिए अतिरिक्त सुविधा उपलब्ध करा रही है। दिल्ली-एनसीआर के प्रमुख मल्टीमॉडल ट्रांसपोर्ट हब में शामिल आनंद विहार तक सार्वजनिक परिवहन के कई साधनों से पहुंचना आसान है। ऐसे में नमो भारत से सफर करने वाले यात्रियों के साथ आसपास के क्षेत्रों से आने वाले लोग भी बुक फेयर तक आसानी से पहुंच रहे हैं।

एनसीआरटीसी की यह पहल नमो भारत स्टेशनों को सिर्फ परिवहन केंद्र के बजाय जीवंत सोशल हब के रूप में विकसित करने की दिशा में उठाया गया कदम है। इसके तहत यात्रियों को कला, संस्कृति, इतिहास, शिक्षा और मनोरंजन से जुड़े अनुभव उपलब्ध कराने की कोशिश की जा रही है।

आनंद विहार स्टेशन पर आयोजित ‘स्टोरीबॉक्स’ बुक फेयर इसी पहल का हिस्सा है। व्यस्त यात्रा और दैनिक जीवन के बीच यह आयोजन लोगों को कुछ समय किताबों के साथ बिताने का अवसर दे रहा है। यात्री सफर के दौरान अपनी पसंद की किताब चुनकर उसे अपने साथ घर भी ले जा रहे हैं।

इस तरह पुस्तक मेला पढ़ने की संस्कृति को बढ़ावा देने के साथ आनंद विहार नमो भारत स्टेशन को लोगों की रुचियों और समुदायों से जोड़ने वाले नए सार्वजनिक स्थान के रूप में भी पहचान दिला रहा है।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *