रांची : रांची को स्वच्छ, सुंदर और हरा-भरा बनाने के उद्देश्य से रांची नगर निगम द्वारा चलाए जा रहे “सखुआ महोत्सव-2026” के तहत बड़ा तालाब के समीप वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर रांची की महापौर रोशनी खलखो और उप महापौर नीरज कुमार ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण और शहर को हरित बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सेवा सदन के सचिव मीनू मोदी और चेम्बर ऑफ कॉमर्स के सदस्य शामिल हुए, जिन्होंने सखुआ के पौधे लगाए।
कार्यक्रम में स्थानीय पार्षद एहतेशाम समेत उपस्थित गणमान्य नागरिकों और स्थानीय लोगों ने भी पौधारोपण में भाग लिया। इस दौरान लोगों को अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनके उचित रखरखाव और संवर्धन का संदेश दिया गया। महापौर रोशनी खलखो ने अपने संबोधन में कहा कि प्रकृति के संरक्षण और शहर को हरा-भरा बनाने के लिए ऐसे सामूहिक प्रयास बेहद जरूरी हैं। उन्होंने कहा कि केवल पौधा लगाना ही काफी नहीं है, बल्कि उनकी नियमित देखभाल करना भी हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने बताया कि ‘सखुआ महोत्सव’ के जरिए शहरवासियों को पर्यावरण के प्रति जागरूक करने और ‘हरित रांची’ के निर्माण में जनभागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है। कार्यक्रम में भारी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।






