रांची : रांची नगर निगम क्षेत्र के प्रमुख व्यावसायिक केंद्रों में शामिल मेन रोड स्थित एस. के. सहाय डेली मार्केट के कायाकल्प और इसे व्यवस्थित स्वरूप देने की कवायद शुरू हो गई है। इस दिशा में कदम बढ़ाते हुए नगर आयुक्त सुशांत गौरव की अध्यक्षता में मार्केट के आवंटनधारियों (दुकानदारों) के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। एस. के. सहाय डेली मार्केट लगभग 1.17 एकड़ भूमि में फैला हुआ है। वर्तमान में यहाँ रांची नगर निगम स्वामित्व की 66 दुकानें और रांची क्षेत्रीय विकास प्राधिकरण (RRDA) से संबंधित 226 दुकानें संचालित हो रही हैं। बैठक के दौरान बाजार परिसर की पुरानी जर्जर संरचना, पार्किंग की किल्लत और बढ़ते ट्रैफिक दबाव पर विस्तार से चर्चा की गई।
नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि रीडेवलपमेंट का मुख्य उद्देश्य बाजार को आधुनिक, सुव्यवस्थित और जनोपयोगी बनाना है। इससे न केवल व्यापारियों को बेहतर व्यावसायिक माहौल मिलेगा, बल्कि आम लोगों के लिए पार्किंग और नागरिक सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं का स्थायी समाधान भी हो सकेगा। बैठक के दौरान नगर आयुक्त ने दुकानदारों से सीधे संवाद कर उनके आवंटन से संबंधित कागजातों की जानकारी ली। उन्होंने सभी वर्तमान दुकान संचालकों से अपील की कि वे अपने आवंटन के मूल एवं वैधानिक दस्तावेजों को सुरक्षित रखें, क्योंकि प्रस्तावित नई आवंटन प्रक्रिया में ये दस्तावेज सबसे महत्वपूर्ण आधार होंगे।
पुराने आवंटनधारियों को मिलेगी प्राथमिकता
नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने भरोसा दिलाया कि पुनर्विकास के बाद दुकानों के आवंटन में पूरी पारदर्शिता और नियमों का पालन किया जाएगा। पूर्व में आवंटित दुकानों के वर्तमान संचालकों द्वारा प्रस्तुत मूल दस्तावेजों का नियमानुसार भौतिक सत्यापन किया जाएगा। निर्धारित मानकों पर सही पाए जाने वाले पात्र आवंटनधारियों को नई आवंटन प्रक्रिया में प्राथमिकता दिए जाने पर सहानुभूतिपूर्वक विचार किया जाएगा।
बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
इस बैठक में आरआरडीए के भू-संपदा पदाधिकारी पुष्पक रजक, आरआरडीए सचिव उदय कुमार और सहायक नगर आयुक्त राहुल कुमार सहित रांची नगर निगम तथा आरआरडीए के कई वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।






