रांची : आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष और झारखंड के पूर्व डिप्टी सीएम सुदेश कुमार महतो ने राज्य के तीन प्रसिद्ध कलाकारों को संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार मिलने पर खुशी जाहिर की है। बुंडू क्षेत्र की लोक कलाकार बूटन देवी और सोमारी देवी को लोक नृत्य में अतुलनीय योगदान तथा सरायकेला के प्रसिद्ध छऊ मुखौटा शिल्पकार गुरु सुशांत कुमार महापात्र को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु द्वारा इस प्रतिष्ठित सम्मान से सम्मानित किया गया।
Read More : विवेकानंद विद्या मंदिर में लीगल अवेयरनेस कैंप, नशा तस्करी पर RANCHI DALSA सख्त
सुदेश कुमार महतो ने सभी सम्मानित कलाकारों को बधाई देते हुए कहा कि पंचपरगना क्षेत्र की बूटन देवी, सोमारी देवी और गुरु सुशांत कुमार महापात्र ने अपनी कला और साधना से झारखंड की समृद्ध लोक परंपरा, संस्कृति और विरासत को राष्ट्रीय मंच पर एक नया मुकाम दिया है। यह सम्मान केवल इन तीन कलाकारों का नहीं, बल्कि झारखंड की मिट्टी, लोककला और सांस्कृतिक धरोहर का सम्मान है।
उन्होंने कहा कि छऊ, लोक नृत्य और पारंपरिक शिल्प हमारी सांस्कृतिक पहचान की अमूल्य धरोहर हैं। इन कलाकारों ने वर्षों के समर्पण से इस विरासत को जीवंत बनाए रखा है। इनकी यह बड़ी उपलब्धि आने वाली युवा पीढ़ी को अपनी जड़ों, लोक संस्कृति और परंपराओं से जुड़ने के लिए प्रेरित करेगी। पूर्व उपमुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि राज्य की समृद्ध कला और संस्कृति झारखंड की सबसे बड़ी ताकतों में से एक है। कलाकारों और लोक परंपराओं को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और अधिक पहचान दिलाने के लिए लगातार प्रयास किए जाने की जरूरत है।





