रांची : रांची नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या-06 स्थित बांधगाड़ी में सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। प्लॉट संख्या-537, खाता संख्या-169 के अंतर्गत आने वाली 2.02 एकड़ सरकारी भूमि पर किए गए अवैध कब्जे के खिलाफ पूर्व में भी कार्रवाई की गई थी। इसी क्रम में निर्मित बाउंड्री वॉल को ढहाकर जमीन को खाली कराया गया था।
कार्रवाई के दौरान कुछ स्थानीय निवासियों द्वारा आपत्ति जताने और विवाद खड़ा करने के बाद स्थिति पूरी तरह स्पष्ट करने के लिए नगर निगम और अंचल कार्यालय की संयुक्त टीम ने स्थल का पुनरीक्षण किया। टीम द्वारा भूमि की दोबारा मापी (डिजिटल पैमाइश) कराई गई। संयुक्त जांच और पुनः सीमांकन के दौरान यह बात पूरी तरह साबित और सत्यापित हुई कि हटाई गई बाउंड्री वॉल के तहत लगभग 6.5 डिसमिल जमीन सीधे तौर पर सरकारी भूमि पर अतिक्रमण की श्रेणी में आ रही थी। अधिकारियों की मौजूदगी में सीमांकन करते हुए सरकारी जमीन का पुनः सत्यापन किया गया।
नगर निगम प्रशासन ने सख्त लहजे में स्पष्ट किया है कि सरकारी जमीन पर किसी भी तरह का अतिक्रमण, अवैध कब्जा या अनधिकृत निर्माण किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सार्वजनिक संपत्ति और सरकारी भूमि की सुरक्षा के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे सरकारी जमीनों पर अवैध निर्माण या कब्जा करने का प्रयास न करें। यदि कोई भी व्यक्ति सरकारी भूमि पर अनधिकृत कब्जा करने की कोशिश करेगा, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और मामला दर्ज किया जाएगा।









