रांची : झारखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू द्वारा राहुल गांधी और हेमंत सोरेन सरकार पर लगाए गए आरोपों पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है. उन्होंने कहा कि भाजपा छात्रों के आंदोलन को राजनीतिक हथियार बनाने की घटिया कोशिश कर रही है. यदि भाजपा को छात्रों की इतनी ही चिंता है, तो वह पहले केंद्र और अपने शासित राज्यों में युवाओं के साथ हुए अन्याय का हिसाब दे. केशव महतो कमलेश ने कहा कि राहुल गांधी छात्रों की आवाज संसद से सड़क तक उठा रहे हैं और उनसे सीधे संवाद कर रहे हैं. इसके बावजूद भाजपा का उन पर सवाल उठाना हास्यास्पद है. भाजपा को बताना चाहिए कि पिछले वर्षों में देश में हुए पेपर लीक और बेरोजगारी पर उसने PM या केंद्रीय शिक्षा मंत्री से कितनी बार जवाब मांगा.
Read More : विपक्ष के हंगामे पर अमित शाह की पहली प्रतिक्रिया, कहा- दूंगा सभी सवालों के जवाब
राहुल गांधी पर लगाए आरोप पूरी तरह बेबुनियाद
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि राहुल गांधी के इशारे पर पुलिस कार्रवाई होने का भाजपा का आरोप पूरी तरह से झूठ और राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित है. राहुल गांधी किसी भी लोकतांत्रिक आंदोलन में दमन के समर्थक नहीं रहे हैं. उन्होंने कहा कि भाजपा शासित राज्यों में जब छात्र सड़कों पर उतरते हैं, तो लाठीचार्ज को कानून-व्यवस्था बताया जाता है, जबकि झारखंड में प्रशासनिक कार्रवाई को लोकतंत्र की हत्या कहा जाता है. यह भाजपा के दोहरे मापदंड को साफ उजागर करता है.
भर्ती परीक्षाओं पर श्वेतपत्र जारी करने की चुनौती
केशव महतो कमलेश ने भाजपा को चुनौती देते हुए कहा कि अगर वह सच में छात्रों की हितैषी है, तो केंद्र सरकार पर दबाव बनाकर देशभर की भर्ती परीक्षाओं पर श्वेतपत्र जारी करवाए. साथ ही पेपर लीक और अनियमितताओं पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करे. उन्होंने कहा कि कांग्रेस का उद्देश्य छात्रों के भविष्य को सुरक्षित करना है. पार्टी छात्रों के साथ संवाद, समाधान और न्याय की राजनीति में विश्वास रखती है. केवल झारखंड को निशाना बनाकर युवाओं को गुमराह करने से भाजपा की राजनीति बेनकाब हो चुकी है.




