रांची : JPSC एवं JSSC भर्ती परीक्षाओं में कथित धांधली और अनियमितताओं के खिलाफ चल रहे छात्र आंदोलन के प्रमुख चेहरे देवेंद्रनाथ महतो की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें रांची के सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बीती देर रात कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने देवेंद्रनाथ महतो से वीडियो कॉल के माध्यम से संपर्क किया। दीपके ने महतो के स्वास्थ्य पर चिंता व्यक्त करते हुए उनके इस संघर्ष के प्रति पूर्ण समर्थन जताया।
Read More : JPSC-JSSC-CGL विवाद: छात्रों पर लाठीचार्ज की कर्मचारी महासंघ ने की निंदा
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी और विधायक जयराम महतो पहुंचे अस्पताल
महतो की बिगड़ती सेहत की खबर मिलते ही राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी देर रात सदर अस्पताल पहुंचे। उन्होंने डॉक्टरों की टीम से देवेंद्रनाथ के स्वास्थ्य मापदंडों की विस्तृत जानकारी ली और चिकित्सकों को निर्देश दिया कि उनके बेहतर उपचार में किसी प्रकार की कमी न रहे तथा उनके स्वास्थ्य की लगातार निगरानी की जाए। इसके तुरंत बाद डुमरी विधायक जयराम महतो भी सदर अस्पताल पहुंचे और देवेंद्रनाथ महतो से मुलाकात की। उन्होंने डॉक्टरों से जारी इलाज और उनकी शारीरिक स्थिति के संबंध में बातचीत की।
भूख हड़ताल का 10वां और आंदोलन का 18वां दिन
उल्लेखनीय है कि JPSC व JSSC अभ्यर्थियों के इस बड़े आंदोलन का मंगलवार को 18वां दिन और देवेंद्रनाथ महतो की अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल का 10वां दिन था। लगातार भूखे रहने के कारण शारीरिक स्थिति गंभीर होने पर प्रशासन द्वारा उन्हें एम्बुलेंस से सदर अस्पताल में शिफ्ट किया गया था।
‘मांगें पूरी होने तक जारी रहेगा आंदोलन’
देवेंद्रनाथ महतो के अस्पताल में भर्ती होने से आंदोलनकारी छात्रों और उनके समर्थकों में गहरी चिंता व्याप्त है। इसके बावजूद छात्र नेताओं का कहना है कि महतो की शारीरिक स्थिति चाहे जैसी भी हो, जब तक सरकार उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लेती, उनका लोकतांत्रिक आंदोलन जारी रहेगा। अभ्यर्थियों ने उम्मीद जताई है कि हेमंत सोरेन सरकार जल्द ही वार्ता का रास्ता अपनाकर इस समस्या का स्थाई समाधान निकालेगी।




